- पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ कर किया चालान, दो तमंचे और लोहे की रॉड हुई बरामद
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: बुधवार को सरधना में एक कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे व लोहे की रॉड चली। इतना ही नहीं कई छात्रों ने तमंचे लहरा दिए। जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आधा दर्जन युवकों को दबोच लिया। जिनके पास से दो तमंचे व लोहे की रॉड बरामद हुई। पूछताछ के बाद मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने चार युवकों का चालान कर दिया।

सरधना में छात्राओं के बीच गुटबाजी रुकने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन छात्रों के गुट भिड़ने की सूचना सामने आ रही है। बुधवार को कालंद रोड पर एक कॉलेज के बाहर छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। पहले से ही तैयार होकर आए छात्रों ने लाठी-डंडे और लोहे ही रॉड चलानी शुरू कर दी। इतना ही नहीं दो युवकों ने तमंंचे निकाल लिए। जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी भाग खड़े हुए।
मगर पुलिस ने घेराबंदी करके आधा दर्जन युवकों को दबोच लिया। जिनके पास से पुलिस ने दो तमंचे, कारतूस व लोहे की रॉड बरामद की। थाने लाकर पुलिस ने आरोपियों की जमकर मरम्मत की। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी अभिषेक उर्फ अभी पुत्र राजू निवासी हर्रा, योगेश पुत्र तेजपाल निवासी हर्रा, मनीष पुत्र विपिन निवासी कक्केपुर व आकाश शर्मा पुत्र मुकेश निवासी ग्राम मैनापुठी का चालान कर दिया।
परीक्षा के बाद जब छात्र तमंचा लेकर दूसरे छात्र के पीछे भागा
मोदीपुरम: पल्हैड़ा फ्लाईओवर के पास बुधवार को परीक्षा खत्म होने के बाद घर लौट रहे एक छात्र के पीछे दूसरा छात्र तमंचा लेकर दौड़ पड़ा, जिस कारण अफरा तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। किसी तरह छात्र अपनी जान बचाकर भाग निकल। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी छात्र भाग निकले। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
मोदीपुरम स्थित एक स्कूल में परीक्षा चल रही है। बुधवार को परीक्षा खत्म होने के बाद छात्र घरों को लौट रहे थे। इस दौरान पल्हैड़ा फ्लाईओवर के पास एक छात्र तमंचा लेकर पहुंचा और घर लौट रहे एक छात्र के पीछे दौड़ पड़ा। तमंचा देकर पीड़ित छात्र भयभीत हो गया और शोर मचाते हुए भागने लगा। लोगों ने दूसरे छात्र को तमंचा लेकर पीड़ित छात्र के पीछे दौड़ते हुए देखा तो मामले की जानकारी पल्लवपुरम पुलिस को दी। इस दौरान वहां अफरातफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।

वहां, मौजूद लोग भी भागने लगे, लेकिन भय के चलते किसी ने आरोपी छात्र को पकड़ने का प्रयास नहीं किया। सूचना पर पुलिस फ्लाईओवर के पास पहुंच गई, लेकिन तब तक आरोपी छात्र व पीड़ित छात्र जा चुके थे। पुलिस ने आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस आरोपी छात्र की पहचान कराने में जुट गई है। हालांकि, इस मामले को लेकर थाने पर तहरीर लेकर पीड़ित नहीं पहुंचा। थाना पल्लवपुरम प्रभारी मुनेश सिंह का कहना है कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है।
शादी में कई दिन बजे डीजे पर बवाल, लहराएं तमंचे
फलावदा: कप्तान की सख्ती के बावजूद स्थानीय पुलिस देर रात डीजे बजाए जाने पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। थाना क्षेत्र के गांव नैडू में शादी समारोह में सिपाही के घर तीन दिन से बज रहा डीजे अब फसाद का सबब बन गया है। कप्तान से शिकायत के बाद सिपाही सहित पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है। कप्तान रोहित सिंह सजवाण के स्पष्ट आदेश के बावजूद पुलिस इलाके में रात रात भर डीजे बजाए जाने पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।
बताया गया है कि गांव नैडू निवासी शामली में तैनात सिपाही के घर शादी समारोह के दौरान डीजे बजाए जाने पर फसाद खड़ा हो गया। पड़ोसी चमन पुत्र मुंशी ने आरोप है कि उसके पड़ोस में तीन दिन से रात रात भर डीजे बजाया जा रहा था। शराब पीकर हुड़दंगबाजी का विरोध करने पर पांच लोगों ने उसके घर घुसकर मारपीट कर दी। जब वह रिपोर्ट लिखाने थाने पहुंचा तो पुलिस ने उसे धमकाते हुए रिपोर्ट नहीं लिखी। आखिरकार उसने कप्तान से शिकायत की, तब जाकर उसकी फलावदा पुलिस ने रिपोर्ट लिखी।

चमन की ओर से थाने में दर्ज रिपोर्ट में रमेश पुत्र शकुंतला, उसके पुत्र अनित व राहुल तथा नितिन, महिपाल पुत्र सुंदरपाल को नामजद किया गया है। रिपोर्ट में नामजद रमेश का पुत्र नामजद अनित शामली में तैनात है। उसने बताया कि गांव में अक्सर डीजे बज रहे हैं, लेकिन उनके घर शादी में बज रहा डीजे अनित ने यह भी बताया कि दूसरे पक्ष का युवक अपने अन्य साथियों के साथ तमंचे लहरा रहा था। मारपीट का आरोप निराधार है।

