- बाजार में खरीदारों की उमड़ रही भारी भीड़, बच्चे रंग-बिरंगी पिचकारियों को देख हो रहे खुश
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: होली का त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आता जा रहा है। वैसे ही लोगों में खुमारी छा रही है। बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। बच्चे रंग-बिरंगी पिचकारियों को देख खुश हो रहे हैं। वहीं, महिलाएं चिप्स-पापड़ और अन्य खाने-पीने की चीजों को सहेजने में जुटी हैं। बाजार पूरी तरह से गुलजार हैं। चारों ओर रौनक छाई है। लोग होली में हुल्लड़ मचाने के लिए बेताब हैं। वहीं, होलिका दहन की तैयारी भी तेज हो गई है। ग्रामीण इलाकों में युवाओं की टोली लकड़ी जुटाने में लग गई है।
होली हिन्दुओं के प्राचीन त्योहारों में अपना अलग महत्व रखती है। हिंदू पंचांग के अनुसार साल के आखिरी माह में फाल्गुन मास की पूर्णिमा के दिन होली का त्योहार मनाया जाता है। होली एक सप्ताह दूर है, जिसके लिये बाजार भी होली के रंगों में रंगने के लिये तैयार हो गए हैं। इस बार बाजार में आर्गेनिक अबीर, आर्गेनिक पानी के रंग, डिजाइनर पिचकारी, होली बम, गुलाल सिलेंडर, टेसू के फूल, चुनावी माहौल को देखते हुए योगी, मोदी और राहुल की टोपी व भांति-भांति की विग आई हुई हैं।
रंगों के बम लुभा रहे मन
इस बार बाजार में होली के बम प्रचलन में हैं, जो ग्राहकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं और उन्हें लुभा रहे हैं। इसमें मैजिक ग्लास, गुलाल अनार, गुलाल सिलेंडर जोकि आधा से एक घंटा चलेगा, ड्रैगन गुलाल बम, बटरफ्लाई गन, गुलाल मशाल जोकि जलने पर चार रंग के गुलाल आसमान में उड़ाएगी प्रचलन में हैं।
इलेक्ट्रिक पिचकारी पड़ रही आम पिचकारी पर भारी
इस बार बाजार में इलेक्ट्रिक पिचकारी सबका ध्यान खींच रही है। इस पिचकारी की खास बात ये है कि ये एक बार में ही पानी खींचकर स्टोर कर लेगी। जिससे बार-बार पिचकारी में पानी भरने की समस्या नहीं उठानी पड़ेगी। इसके साथ ही बार्बी, पबजी, एआई, डॉक्टर, एस्ट्रोनॉट वाली पिचकारी भी नौनिहालों को खूब भा रही है।
रंगों के गिफ्ट पैक
दोस्त, रिश्तेदारों, सहयोगियों को होली पर उपहार देने के लिए अलग-अलग तरह के गिफ्ट पैक बाजार में मौजूद है। इनमें पिचकारी से लेकर तरह-तरह के रंग, गुब्बारे, स्प्रे, गुलाल पैक, मैजिक, मिठाई, कोल्डड्रिक्स के पैक उपलब्ध है।

टोपियों को चढ़ा चुनावी रंग
होली की टोपियां धूम मचा रही है। लोकसभा चुनाव को देखते हुए इनमें खास बात ये है कि ये टोपियां राहुल गांधी, मोदी और योगी के नाम और फोटो वाली है। वहीं, मुखौटे व चश्मे भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
ट्रेंड कर रहा रंग बदलने वाला हर्बल गुलाल
इस बार बाजार में रंग बदलने वाला हर्बल गुलाल ट्रेंड कर रहा है। बता दें कि ये गुलाल चेहरे पर लगाने पर अपना रंग बदल देता है। यह किसी के भी चेहरे पर लगने के बाद सिर्फ एक रंग में नहीं बल्कि कई रंगों का दिखाई देता है। इसकी कीमत मात्र 80 रुपये पर पीस है।
होली आइटम कीमत (रुपये में)
गुलाल पार्टी पॉपर 80 पर पीस
गुलाल अनार 200 बॉक्स
मैजिक गिलास 50 पर पीस
माया बटरफ्लाई 150 बॉक्स
गुलाल सिलेंडर 800 से 1500
फ्रूट फ्रेगरेंस हर्बल गुलाल 300 बॉक्स
गुलाल मार्शल 350 पीस
पिचकारी 25 से 800
सदर स्थित आहुजा जनरल स्टोर के मालिक अमित आहुजा बताते हैं कि उनकी 20 वर्षों से यहां दुकान है। उनके यहां सारा आॅर्गेनिक माल मिलता है। इस बार उन्होंने ब्लैक कैट गन बनवाई है। जिसे आप गुलाल भर के दिन में भी उड़ा सकते हैं और रात को फायर भी कर सकते हैं। ये टू-इन-वन गन है। इसकी कीमत 200 रुपये प्रति गन है तथा 60 रुपये रिफलिंग के लगते हैं। इस बार बाजार में हर्बल गुलाल, आॅर्गेनिक गुलाल, चंदन गुलाल, मैजिक गुलाल, कृष्णा पिचकारी डिमांड में हैं। साथ ही बबल गन, आॅर्गेनिक मिरगान, टेसू के फूल भी लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। पूजा जनरल स्टोर के मालिक नीरज बताते हैं कि इस बार फ्रूट फ्रेगरेंस हर्बल गुलाल, मार्शल गुलाल, पिचकारी फायर गन गुलाल, गुलाल सिलेंडर आदि आया हुआ है।
प्रेम हॉस्पिटल में बैठने वाले त्वचा विशेषज्ञ तथा प्रो. एंड हेड स्किन डिपार्टमेंट लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज के डा. आरपी शर्मा बताते हैं कि होली पर माइश्चराइजर लगाकर ही होली खेलने बाहर निकलें। साथ ही गोले के तेल का प्रयोग करें। जिससे कि रंग से बचाव हो सके। रंग का सबसे ज्यादा प्रभाव धूप में बैठने से बढ़ता है। इसलिए रंग लगने के बाद धूप में बैठने से बचें। टोपी या विग लगाकर बालों का बचाव करें। साथ ही सॉफ्ट सोप का प्रयोग करें तथा रंगों के कारण स्किन एलर्जी होने पर एंटी एलर्जिक दवाइयों का प्रयोग करें।

