- मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट पर बसपा की हालत हुई पतली
- करीब चार हजार वोटरों ने दबाया नोटा वोट का बटन
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: इस बार मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट पर अप्रत्याशित परिणाम निकलकर सामने आए। तमाम समर्थन और विरोध के बीच भाजपा व सपा प्रत्याशी में कांटे की टक्कर रही। आमने-सामने के चुनाव की इस आंधी में बाकी प्रत्याशी तिनके की मानिद उड़ गए। हाल ये रहा कि चुनाव लड़ने वाले कुल 11 प्रत्याशियों में से 8 कैंडिडेट की जमानत तक जब्त हो गई।
शर्मनाक हार का सामना करने वाले इन प्रत्याशियों को नोटा वोट के प्रतिशत से भी कम मत मिले। मुजफ्फरनगर सीट पर करीब 4 हजार मतदाताओं ने किसी भी प्रत्याशी को वोट देने से इंकार कर दिया। अपना विरोध जताते हुए नोटा का बटन दबाकर आए। वेस्ट यूपी में बेहद खराब प्रदर्शन करने वाली पार्टी बसपा का प्रत्याशी भी इस सीट पर रैंगता हुआ नजर आया।
मुजफ्फरनगर लोकसभा चुनाव इस बार भाजपा प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री रहे डा. संजीव बालियान को सरधना क्षेत्र समेत तमाम जगह जनता की नाराजगी की सामना करना पड़ा। वहीं विकल्प के रूप में जनता ने सपा प्रत्याशी हरेंद्र सिंह मलिक पर वोट के रूप में खूब प्यार लुटाया। कहने को इस सीट पर कुल 11 प्रत्याशी मैदान में थे। मगर भाजपा व सपा प्रत्याशी में आमने सामने की टक्कर रही। बसपा प्रत्याशी ने भी खूब जोर लगाए, लेकिन महज 143707 वोट पर ही हाथी ने रैंगते हुए दम तोड़ दिया।
भाजपा व सपा प्रत्याशी की कांटे के चुनाव में बाकी सभी प्रत्याशी गायब हो गए। इनके सामने जनता को कोई नजर नहीं आया। जनता ने पूर्व में ही मत बनाकर वोट खराब करने के बजाए सबसे मजबूत दोनों दावेदारों में से एक को अपना वोट दिया। जिसका नतीजा यह हुआ कि 11 में से 8 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। न केवल जमानत जब्त हुई, बल्कि इन प्रत्याशियों को नोटा से भी कम वोट मिले। करीब 4 हजार वोटरों ने किसी भी प्रत्याशी को वोट नहीं दिया।
सबसे कम मतदान हुआ सरधना में
मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट की सभी विधानसभा पर नजर डालें तो सबसे कम मतदान सरधना विधानसभा में हुआ है। जबकि सबसे अधिक मतदान खतौली विधानसभा पर हुआ। वहीं मुजफ्फरनगर शहर की सीट पर मतदान प्रतिशत ठीक रहा।
डाक से भी हुआ नोटा पर वोट
मुजफ्फरनगर सीट पर कुल 3916 मतदाताओं ने नोटा का उपयोग करके अपना फैसला सुनाया। इसके अलावा डाक के माध्यम से 3662 वोटरों ने अपने मत का प्रयोग किया। डाक द्वारा वोट देने वाले मतदाताओं में से 32 वोट नोटा पर पड़े।

