- मौके पर एसपी सिटी और सीओ कोतवाली सहित कई थानों का फोर्स पहुंचा
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सर्राफ से सोना लूटने वाले शातिर बदमाशों की मंगलवार देर रात कोतवाली व क्राइम ब्रांच पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। दोनों बदमाशों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस ने बदमाशों के पास सर्राफ से लूटा हुआ सोना, चोरी की बाइक व तमंचा बरामद किया है। सूचना पर एसपी सिटी व सीओ कोतवाली सहित कई थानों का फोर्स पहुंच गया। बता दे कि बीते छह दिसंबर को ब्रह्मपुरी क्षेत्र के रहने वाले सर्राफ प्रमोद वर्मा पुत्र भगवत प्रसाद से बदमाशों ने गोलाकुआं पर सोना लूटकर फरार हो गए थे। मंगलवार रात को पुलिस की सूचना मिली की लूट में शामिल दो बदमाश जीमखाना के पास खड़े है।
कोतवाली इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार ने पुलिस टीम व क्राइम ब्रांच को लेकर बदमाशों की घेरबंदी कर दबोचे का प्रयास किया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग क र दी, पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए दोनों बदमाशों के पैर में गोली मारकर घायल कर दिया।
घायल बदमाशों को पुलिस ने उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना पर एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण सिंह, सीओ कोतवाली अरविंद कुमार चौरसिया सहित सिविल लाइन इंस्पेक्टर अब्दुर रहमान सिद्दीकी अस्पताल पहुंचकर बदमाशों से पूछताछ की।
बदमाशों की पहचान जिला हापुड़ राशिद पुत्र इदरीश निवासी ग्राम उबारपुर थाना हाफिजपुर, इरफान खान पुत्र हाफिज खान निवासी ग्राम उबारपुर थाना हाफिजपुर के रूप में हुई। पुलिस ने बदमाशों के चार चूड़ी पीली धातु, दो चेन, एक पैंडल, पांच हजार रुपये की नकदी सर्राफ का लूटा गया बैग, चांदी के सिक्के, चोरी की बाइक व तमंचा बरामद किया है।
एसपी सिटी डा. अखिलेश नारायण सिंह का कहना है कि दोनों बदमाश शातिर किस्म के लुटेरे हैं और दोनों पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बदमाशों के पास लूट का माल भी बरामद हुआ है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

