- जिले के 18 केंद्रोंं पर सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक चली परीक्षा में विभिन्न जिले से शामिल हुए परीक्षार्थी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: जिले के कुल 18 केंद्रों पर रविवार को सम्मलित राज्य कृषि सेवा प्राविधिक परीक्षा सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा में शामिल अभ्यार्थियों ने बताया कि पेपर मिलाजुला था। कुछ प्रशन आसानी से हल हुए तो कुछ में थोड़ा अधिक समय लगा। दो घंटे की अवधि तक चली परीक्षा में शामिल परीक्षार्थियों को नकल से रोकने के लिये केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और जांच की व्यवस्था की गई थी। परीक्षा में अन्य जिलों से बड़ी संख्या में परीक्षार्थी शामिल हुए।
परीक्षा केंद्र से बाहर निकले बिजनौर निवासी बिजेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा कुल 300 अंकों की थी, जिसमें 40 प्रश्न सामान्य अध्ययन और 80 प्रश्न कृषि विषय के थे। चर्चा के दौरान बिजनौर से आए अन्य परीक्षार्थी ने बताया कि हर प्रश्न के लिये ढाई अंक निर्धारित था। पंतनगर से आई छात्रा हितेश कुरियाल का कहना था कि प्रश्न पत्र हिंदी और अंगे्रेजी भाषा में आया था। अलीगढ़ से आये कृष्ण कुमार, हरमोहन शर्मा और बलबीर सिंह ने बताया कि वस्तुनिष्ठ आधार पर सवाल पूछे गये थे, जिनमें हर सवाल के उत्तर के रूप में चार विकल्प दिये गये थे। निगेटिव मार्किंग से एक तिहाई अंक गलत जवाब देने पर काटाने की व्यवस्था थी।
केंद्रोंं पर रही कड़ी सुरक्षा
परीक्षा को नकलविहीन बनाने की कड़ी में परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान पैन तथा एडमिट कार्ड लेकर ही प्रवेश करने के निर्देश थे। साथ ही परीक्षार्थियों द्वारा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रोनिक उपकरण-मोबाइल, कैलकुलेटर, स्लाइड रूल, कैलकुलेटर युक्त इलेक्ट्रॉनिक घड़ी तथा सादे कागज, कापी, किताबें, नोट्स, पत्रिकाएं, खाद्य सामग्री गुटखा आदि, बैग या हैंडबैग और पर्स आदि अन्दर लाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई थी।
इस तरह के आये सवाल
परीक्षा के सामान्य अध्ययन के प्रश्न पत्र में लोकतंत्र के स्वर पुस्तक के लेखक का नाम क्या है, किसकी वित्तीय सहायता से भारत में सामुदायिक विकास कार्यक्रम 1952 प्रारंभ हुआ, खनिज जो कैल्शियम और मैगनिजियम का श्रोत है आदि प्रश्न आये थे, जबकि कृषि विषय में प्रमुख बासमती उत्पादक राज्य कौन-सा है, आम्रपाली किस क्रासिंग से प्राप्त संकर किस्म है, कैल्श्यिम सिलिकेट में सिलिका का प्रतिशत कितना है, पांडुचेरी में प्रथम कृषि विज्ञान केंद्र केवीके कब प्रारंभ हुआ आदि सवाल आये।
ये अभ्यर्थी थे पंजीकृत
शहर के 18 केंद्रों पर परीक्षा के लिये 8,448 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 4584 उपस्थित और 3802 अनुपस्थित रहे। केंद्र पर प्रवेश का समय सुबह 8:00 बजे का रहा। अभ्यर्थियों को कम से कम परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले अपने केंद्रों पर पहुंचने के निदे्रश दिये गये थे। परीक्षा के नोडल अधिकारी व एडीएम सिटी बृजेश सिंह ने बताया कि केंद्रों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई थी। परीक्षा में किसी प्रकार की नकल आदि नहीं पकड़ी गई।

