जनवाणी ब्यूरो |
देहरादूनः उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र रावत की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। सीएम ने इसके बारे में खुद ट्वीट करके जानकारी दी है। उन्होंने उनके संपर्क में आए लोगों से जांच करवाने को कहा है। फिलहाल उन्होंने खुद को होम आइसोलेशन में रखा है।
गौरतलब है कि कोरोना के मोर्चे पर उत्तराखंड को राहत नहीं मिल रही। संक्रमण का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार को प्रदेश मुखिया भी कोरोना पॉजिटिव आ गए। उन्होंने खुद इसकी जानकारी ट्वीट कर दी। इससे पहले राज्यपाल बेबीरानी मौर्य भी कोरोना संक्रमित हुई थीं।
वह एम्स ऋषिकेश में भर्ती रहीं। अब वह पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं। वहीं, गुरुवार को भी प्रदेश में 620 व्यक्तियों में कोरोना की पुष्टि हुई। दिसंबर में अब तक 9894 लोग इस बीमारी की जद में आ चुके हैं। यानी हर दिन औसतन पौने छह सौ से ज्यादा नए मामले आ रहे हैं।

