- पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर कराया मुकदमा
जनवाणी संवाददाता |
किठौर: सऊदी अरब में नौकरी का झांसा देकर एक दंपति ने 30 लोगों से साढ़े 10 लाख रुपये ठग लिए। निर्धारित तिथि में एग्रीमेंट व टिकट लेने दिल्ली पहुंचे सभी आवेदकों को ठगी का अहसास उस वक्त हुआ जब ठग फरार और उसका मोबाइल नंबर बंद मिला। पीड़ितों ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। मवी लावड़ निवासी जाकिर पुत्र सईदुदीन ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि जड़ौदा निवासी जब्बार पुत्र जरीफ को वह पहले से जनता था। गत मार्च में जब्बार ने उसको सऊदी अरब भेजने का सपना दिखा दिया।
जिसके लिए उसने एक व्यक्ति पर 35 हजार रुपये खर्च आने की बात कही। जब्बार द्वारा सऊदी अरब में कंपनी से 1500 रियाल प्रति माह मिलना बताया। जब्बार पर विश्वास कर सईदुदीन ने सगे संबंधियों व दोस्तों के समक्ष यह प्रस्ताव रख दिया। कुल 30 लोगों ने जब्बार को आॅनलाइन व कैश के माध्यम से लगभग 10 लाख 50 हजार रुपये दे दिए। बताया कि 25 अप्रैल को दिल्ली अपने कार्यालय पर एग्रीमेंट व फ्लाइट के टिकट देने की बात कहीं।
जिसके बाद सभी उसके कार्यालय पर पहुंचे तो कार्यालय बंद मिला और जब्बार का मोबाइल बंद आया। बार-बार प्रयास के बाद पत्नी ने फोन रिसीव किया, लेकिन जब्बार से बात नही कराई। पीड़ित लोग ठग के घर पहुंचे और पैसे वापस करने को कहा तो उसने तमाम लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। जिसके बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली।
दूल्हे के जीजा का जेवरात और पैसों से भरा बैग चोरी
कंकरखेड़ा: शनिवार देर रात बरात की चढ़त के दौरान चोरों ने दूल्हे की जीजा का जेवरात व नकदी से भरा बैग चोरी कर लिया। जिसमें लगभग आठ लाख रुपये के जेवरात व नकदी थी। मामले की जानकारी के बाद दोनों पक्षों के होश उड़ गए। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी के आधार पर चोरों की तलाश में लग गई है।
रुड़की के मंगलौर निवासी सचिन ने बताया कि उसके साले रोहित की बरात शनिवार को आंबेडकर रोड स्थित एक मंडप में आई थी। इसके बाद सभी बरात के चढ़त में नाच गाना कर रहे थे। इस दौरान सचिन ने नकदी व जेवरात से भरा बैग बग्गी पर रख दिया था। जबकि सभी रिश्तेदार नाच रहे थे। इस दौरान दूल्हे को भी साथी नाचने के लिए ले गए थे। बैग बग्गी पर ही रखा हुआ था। कुछ देर बाद सचिन बैग लेने के लिए बग्गी पर पहुंचा तो देखा कि बैग गायब है। जिससे पीड़ित के होश उड़ गए।
इसके बाद पीड़ित ने शोर मचा दिया। घटना की जानकारी के बाद दुल्हन पक्ष भी मौके पर आ गया। इसके बाद दोनों पक्षों ने आसपास के क्षेत्र में बैग की खोजबीन की, लेकिन बैग का सुराग नहीं लग सका। पीड़ित ने फोन कर डायल 112 को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। इस दौरान पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, इस संबंध में थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
गन्ना क्रय केंद्र के चौकीदार से लूटपाट और मारपीट
फलावदा: थाना क्षेत्र के एक गांव के पास स्थित टिकौला शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र के चौकीदार से बदमाशों ने मोबाइल व नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने चौकीदार को हमला करके घायल कर दिया। गांव गड़ीना निवासी नेपाल पुत्र होशराम टिकौला शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र पर चौकीदार नियुक्त है। बताया गया है कि वह गन्ना क्रय केंद्र पर मौजूद था। उसी समय केंद्र पर आए बदमाश ने काम की तलाश का बहाना बनाकर उसके साथ बातचीत करते हुए लूटपाट शुरू कर दी।
बदमाश का दूसरा साथी बाइक लेकर सड़क पर खड़ा था। चौकीदार ने बताया कि बदमाश ने उसकी जेब से 1500 रुपये तथा मोबाइल लूट लिया। विरोध पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि धारदार हथियार के हमले से वह घायल हो गया। बदमाश वारदात को अंजाम देकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घायल अवस्था में चौकीदार गांव पहुंचा और परिजनों को घटना से अवगत कराया। तत्पश्चात घटना की तहरीर थाने पर दे दी गई।

