- वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने की शराब पार्टी
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर इलाके में गढ़ रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में काम करने वाले डाक्टर दंपति का बंद मकान बदमाशों ने खंगाल डाला। करीब 20 लाख की चोरी कर ली। बदमाशों ने चोरी की वारदात अंजाम देने से पहले घर में रखी महंगी शराब पी। नाश्ता और डिनर किया। उसके बाद माल समेट कर निकल गए। चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गयी। रविवार शाम दंपति घर पहुंचे तो लाखों की चोरी की वारदात का पता चला। चोरी की वारदात से परिवार वाले गहरे सदमे में हैं। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गयी और फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया। फिलहाल सीसीटीवी कैमरे की मदद से पुलिस बदमाशों का पता लगाने में जुट है।
मूलरूप से जनपद मुजफ्फरनगर के थाना खतौली अंतर्गत गांव टिटोरा निवासी अजीत मोतला और उनकी पत्नी मधुलिका नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर जी ब्लॉक में रहते हैं। दोनों गढ़ रोड स्थित आनंद अस्पताल में काम हैं। अजीत एसआईसी तो मधुलिका क्वालिटी मैनेजर की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। दंपति दीवाली पर अपने पुश्तैनी घर यानि गांव चले गए। माना जा रहा है कि इसकी जानकारी चोरों की पहले से हो गयी थी। चोरों ने घर पर धावा बोलकर पूरा घर खंगाल दिया। वारदात का पता रविवार शाम उस वक्त चला, जब दंपति घर लौटे।
घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख दोनों दंग रह गए। अंदर पहुंचे तो देखा कि पूरा घर अस्त व्यस्त पड़ा है। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की और फिर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित कर दिया। सूचना पाकर इंस्पेक्टर नौचंदी ईलम सिंह मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। कुछ ही देर बाद फोरेंसिक टीम भी वहां आ गयी। करीब दो घंटे छानबीन करने के बाद पुलिस ने दंपति से तहरीर ली और लौट गई। वहीं, इस संबंध में सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि बदमाश बेहद शातिर हैं। हालांकि पुलिस चिप के माध्यम से उनकी पहचान कराने में जुटी है।
पूरा घर खंगाल डाला
बदमाशों ने पूरा घर इतमीनान के साथ खंगाला है। घर की एक एक अलमारी खंगाल दी। यहां तक कि बेड तक को नहीं छोड़ा। दंपति की मानें तो करीब 1.5 से 2.0 लाख रुपये की नकदी के अलावा बदमाश घर से करीब 15 से 18 लाख रुपये कीमत का महंगा सामान तक समेटकर ले गए हैं। हाल ही में दंपति के बच्चे का छुछक आया था। उस छुछक का सामान भी बदमाशों ने नहीं बख्शा।
बदमाशों ने पहले पी महंगी शराब, फिर की चोरी
मैनेजर दंपति के घर से कीमती सामान गायब है। बताया जाता है कि बदमाशों ने कई घंटे पार्टी भी की और वहां रखी महंगी शराब तक डकार गए। वापस लौटे दंपति को पूरा किचन भी अस्त व्यस्त मिला है। फ्रीज के अंदर रखा सामान भी बाहर रखा मिला है। माना जा रहा है कि बदमाश करीब दो से तीन घंटे अंदर रहे हैं।

