- काफी प्रयासों के बाद दोनों सांपों को कब्जे में ले लिया गया
जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: दुल्हेड़ा गांव के जंगल में शनिवार को वन विभाग की टीम ने दुर्लभ प्रजाति के दो सांप पकड़े। ग्राम प्रधान दूल्हेड़ा बालकिशोर ने बताया कि दुल्हेड़ा निवासी कृष्णपाल के खेत में स्थित कुएं में दो दुर्लभ प्रजाति के सांप होने की जानकारी ग्रामीणों ने दी। इसकी सूचना तुरंत ही वन विभाग की टीम को दी गई। वन विभाग से लोमान राजा और अवि कुमार रेस्क्यू के लिए पहुंचे। काफी प्रयासों के बाद दोनों सांपों को कब्जे में ले लिया गया।
लोकमान राजा ने बताया कि यह दोनों साथ रसेल वाइपर प्रजाति के हैं। दोनों ही सांप काफी खतरनाक होते हैं। इनके जहर से सिर्फ 15 मिनट में ही व्यक्ति की मौत हो जाती है। कुछ देर बाद गांव के ही वीरेंद्र के मकान में सांप होने की सूचना मिली। वन विभाग की टीम में घर में जाकर रेस्क्यू करते हुए तीसरे सांप को भी पकड़ लिया। गांव में एक साथ तीन सांप मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल रहा।
कितना जहरीला होता है रसेल वाइपर
यह सांप अजगर की तरह दिखता है। काफी खतरनाक होता है। एक बार डंसने पर 120 से 250 ग्राम तक इंसान के शरीर में जहर छोड़ देता है। इसके जहर से खून के थक्के बनने के साथ ही किडनी तक फैल हो जाती है। शरीर पूरी तरह से सूज जाता है और चमड़ी फटना शुरू हो जाती है। यह इतना आक्रामक होता है कि पांच फीट दूर खड़े शिकार को भी चंद सेकेंड में डंस लेता है। खेतों में काम करने वाले किसानों को इस सांप का सबसे ज्यादा खतरा रहता है।
कब्र पर तंत्र क्रिया कर रहीं दो महिलाओं समेत तीन दबोचे
कंकरखेड़ा: क्षेत्र के गांव जिटौली व पावलीखास रोड स्थित नाले किनारे एक खेत में बच्चे की कब्र पर तंत्र क्रिया की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान मौके से पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन को दबोच लिया। जबकि तीन अन्य लोग फरार हो गए। पुलिस ने तंत्र क्रिया से जुड़ा सामान कब्जे में लिया है। घटना से अफरा तफरी मच गई। पकड़े गए लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। दरअसल, जिटौली गांव के रहने वाले किसान कृष्ण पुत्र होराम की जिटौली पावलीखास रोड पर बने नाले के पास खेती की जमीन है।
किसान कृष्ण ने बताया कि शनिवार देर शाम वह खेत की तरफ घूमने गया था। वहां उसने देखा कि दो महिलाओं समेत छह लोग एक जगह कोई तंत्र क्रिया कर रहे हैं। जब उसने उन्हें आवाज दी और यह कार्य बंद करने की बात कहीं तो उनमें से तीन व्यक्ति मौके से भाग गए, लेकिन दो महिला और एक ई-रिक्शा चालक को किसान ने दबोच लिया। किसान ने इसकी सूचना डायल 112 पर दी। सूचना मिलने पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई और दो महिलाओं और एक व्यक्ति को पकड़ लिया और उन्हें थाने ले गई।
पकड़ी गई दोनों महिलाओं में से एक महिला गर्भवती है। महिलाओं ने बताया कि उनमें से एक महिला का बच्चा बीमारी के चलते मर गया था। जिसको जिटौली नाले के पास लाकर उन्होंने दबा दिया था और आज बच्चों के लिए परिवार के लोग आकर प्रार्थना कर रहे थे। उधर, कंकरखेड़ा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह का कहना है कि डायल 112 की पुलिस दो महिलाओं और एक पुरुष को पकड़कर थाने लेकर आई है। तीनों से पुलिस टीम पूछताछ कर रही है, ताकि पूरी स्थिति साफ हो सके। मामले की जांच भी हो रही है।

