- सिने अभिनेता मुश्ताक और कॉमेडियन सुनील पाल के अपहरण में शामिल था 25 हजारी आकाश
- दिल्ली में छिपा हो सकता है लवी पाल, मेरठ पुलिस लगातार दे रही है दबिश जगह बदल रहा शातिर
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: कॉमेडियन सुनील पाल अपहरण कांड के आरोपी लवीपाल की लगातार दिल्ली में लोकेशन मिल रही है। वहीं, दूसरी ओर बिजनौर अभिनेता मुश्ताक व कॉमेडियन सुनील पाल के अपहरण कांड में शामिल आकाश मुठभेड़ में पुलिस की गोली से घायल हो गया है। उसको गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि उसके रूपहले पर्दे के कलाकारों के अपहरण कांड को लेकर उसके पेट में कई राज छिपे हैं। पुलिस का प्रयास है कि तमाम राज उगलवाए जाएं। आकाश की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
लवीपाल बना है सिरदर्द
कॉमेडियन सुनील पाल अपहरण केस का मास्टर माइंड बताया जा रहा लवीपाल अभी मेरठ व बिजनौर पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। मेरठ व बिजनौर पुलिस उसकी जगह-जगह तलाश तलाश कर रही है। ताबड़तोड़ दबिशों को सिलसिला जारी है। दरअसल, लवीपाल की ओर से कोर्ट में सरेंडर अर्जी डाले जाने के बाद अब मेरठ पुलिस बेहद चौकसी बरत रही है। प्रयास है कि उसको बाहर से बाहर दबोचा जाए।
हालांकि बिजनौर पुलिस भी लवीपाल की सरगर्मी से तलाश में जुटी है। सूत्रों ने जानकारी दी है कि लवीपाल की इन दिनों दिल्ली में ज्यादा लोकेशन मिल रही है। उसको लेकर मिल रही सूचनाओं पर मेरठ पुलिस मुस्तैद है। दिल्ली में भी लवीपाल के संभावित ठिकानों पर मेरठ पुलिस लगातार दबिश डाल रही है, यह बात अलग है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही शातिर निकल जाता है।
इवेंट मैनेजर ने दर्ज करायी थी एफआईआर
नौ दिसंबर को अभिनेता हास्य कलाकार मुश्ताक खान के इवेंट मैनेजर शिवम यादव ने बिजनौर के थाना शहर कोतवाली पर अभिनेता मुश्ताक मौहम्मद खान के अपहरण व फिरौती वसूलने का मुकदमा दर्ज कराया था। हास्य कलाकार मुश्ताक खान के अपहरण में शामिल आरोपी सार्थक चौधरी उर्फ रिक्की, सबीउद्दीन उर्फ सैबी, अजीम, शशांक कुमार, शिवा को पहले जेल भेजा जा चुका। मुश्ताक अपहरण का 25 हजार का इनामी आरोपी आकाश उर्फ गोला उर्फ दीपेंद्र पुत्र आशाराम निवासी मोहल्ला चाहशीरी नई बस्ती थाना शहर कोतवाली फरार चल रहे थे, उन्हें भी दबोच लिया।
25 हजारी है आकाश
हास्य कलाकार मुश्ताक और सुनील पाल अपहरणकांड का वांछित मुठभेड़ में दबोचा गया आकाश 25 हजार का इनामी है। एसपी बिजनौर अभिषेक झा ने उस पर 25 हजार के इनाम का ऐलान किया था। माना जा रहा है कि आकाश की गिरफ्तारी के बाद अब लवीपाल के पास भी गिने चुने दिन बचे हैं। उम्मीद की जा रही है कि वह भी बहुत जल्द पुलिस की गिरफ्त में होगा।
इंतजार में खड़ा था आकाश
मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली थी कि हास्य कलाकार मुश्ताक खान का अपहरण का फरार आरोपी आकाश बिजनौर मंडावर रोड पर मालन नदी के पुल के नीचे किसी से मिलने की फिराक में खड़ा है। स्वाट, सर्विलांस व थाना शहर कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया। आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। इस दौरा न आरोपी आकाश उर्फ गोला उर्फ दीपेंद्र पुत्र आशाराम निवासी मोहल्ला चाहशीरी नई बस्ती थाना शहर कोतवाली के पुलिस की गोली जा लगी। उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस व 10 हजार 200 रुपये भी बरामद हुए।
लवीपाल ने आकाश को छोड़ा था ऋषिकेश
बिजनौर: हास्य कलाकार मुस्ताक खान व सुनील पाल अपहरण कांड में शामिल एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोच लिया। अपहरण कांड का आरोपी आकाश उर्फ गोला मुख्य आरोपी लवीपाल का दाहिना हाथ बताया जाता है। मुख्य आरोपी लवीपाल सहित तीन आरोपी फरार चल रहे हैं। अपहरण कांड को अंजाम देने के बाद तीन आरोपी वैष्णो देवी माता के दर्शन भी करने गए थे। हास्य कलाकार मुश्ताक खान सुनील पाल के अपहरण कांड को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी लवीपाल, आकाश उर्फ गोला, अर्जुन कर्णवाल को साथ लेकर जम्मू-कश्मीर माता वैष्णो देवी के दर्शन करने लेकर गया था।
इसके बाद मुख्य आरोपी ने दिल्ली वापस आने के बाद अर्जुन कर्णवाल को मेरठ के पास छोड़ दिया। मेरठ पुलिस ने अर्जुन कर्णवाल को मुठभेड़ में दबोच लिया था। इसके बाद मुख्य आरोपी लवीपाल, आकाश उर्फ गोला को लेकर उत्तराखंड ऋषिकेश चला गया। चार दिन पहले उसने अपने करीबी आकाश उर्फ गोला को दो हजार रुपये देकर छोड़ दिया। आकाश उर्फ गोला पैसे लेने के लिए किसी परिचित से मिलने बिजनौर मंडावर रोड पर गंगा नदी पर आया था। पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी को दबोच लिया।

