जनवाणी ब्यूरो |
नई दिलली: झारखंड के दुमका विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक बसंत सोरेन के निधन की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही है। हालांकि, झामुमो के दुमका कार्यालय ने इन खबरों को गलत और भ्रामक बताया है। पार्टी के मुताबिक, बसंत सोरेन जीवित हैं और सिंगापुर के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उनकी तबीयत गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
पार्टी ने लोगों से अपील की है कि वे बिना आधिकारिक पुष्टि के ऐसी खबरों को सोशल मीडिया पर साझा न करें। झामुमो कार्यालय ने यह भी चेतावनी दी है कि विधायक के निधन को लेकर झूठी जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। पार्टी का कहना है कि इस तरह की अफवाहों से लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा होती है।
मां के श्राद्धकर्म में शामिल नहीं हो सके बसंत सोरेन
बसंत सोरेन की मां और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन के बाद परिवार में श्राद्धकर्म का आयोजन किया गया। हालांकि, सिंगापुर के अस्पताल में भर्ती होने के कारण बसंत सोरेन इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
परिवार की ओर से श्राद्धकर्म की जरूरी रस्में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरी कीं। वहीं, स्वर्गीय रूपी सोरेन की अस्थियों का विसर्जन भी किया जा चुका है।
भाई से मिलने सिंगापुर जा सकते हैं हेमंत सोरेन
मां के निधन के बाद पारिवारिक परिस्थितियों के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। अब ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि वह अपने भाई बसंत सोरेन का हाल जानने और उनसे मुलाकात करने के लिए जल्द सिंगापुर जा सकते हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री के सिंगापुर दौरे को लेकर अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
झामुमो की अपील- अफवाहों पर न दें ध्यान
बसंत सोरेन की सेहत को लेकर झामुमो की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, उनका सिंगापुर में इलाज जारी है और वह आईसीयू में भर्ती हैं। पार्टी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही उनके निधन की खबरों को भ्रामक बताया है।
झामुमो ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी खबर पर विश्वास करने या उसे आगे साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करें। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि बसंत सोरेन के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी के लिए आधिकारिक बयानों और विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा किया जाना चाहिए।

