- दारुल उलूम वक्फ ने 2 सितम्बर से ऑनलाइन पढ़ाई शुरू कराने का किया फैसला
जनवाणी संवाददाता |
देवबंद: देश भर में कोरोना संक्रमण बढऩे के चलते अब इस्लामी तालीम के इदारे भी छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध कराएंगे। दारुल उलूम वक्फ देवबंद ने आगामी 2 सितम्बर से ऑनलाइन पढ़ाई शुरू कराने का फैसला किया है।
इस्लामी तालीम के दूसरे बड़े इदारे दारुल उलूम वक्फ देवबंद के शिक्षा विभाग के प्रभारी मौलाना अहमद खिजर शाह मसूदी ने बताया कि आगामी 2 सितंबर से संस्था की वेबसाइट www.dud.edu.in पर ऑनलाइन पढ़ाई शुरु की जाएगी। बताया कि वेबसाइट पर ही पूरा पाठ्यक्रम कक्षा के हिसाब से अपलोड किया गया है।

उन्होंने बताया कि छात्र किसी भी प्रकार के सवालों के जवाब व्हाटसअप ग्रुप के जरिए भी उस्तादों से पूछे सकते हैं। ऑनलाइन पढ़ाई के लिए अलग से कोई एप नहीं होगी।
बताया कि संस्था द्वारा वेबसाइट पर जो सबक (पाठ्य सामग्री) डाली जाएगी उसे न तो डाउनलोड और न ही शेयर किया जा सकेगा।
बता दें कि कोरोना महामारी के चलते स्कूल कालेजों के साथ साथ सभी इस्लामी तालीम के इदारे भी बंद हैं। कोरोना संक्रमण के चलते ही दारुल उलूम देवबंद और दारुल उलूम वक्फ देवबंद समेत अन्य सभी मदरसों ने वर्तमान शैक्षिक सत्र के लिए नए छात्रों का दाखिला भी नहीं लिया था।
पुराने छात्रों को प्रोन्नति देकर ही अगली कक्षाओं में भेजा गया था। करीब पांच महीनों तक शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहने के बाद अब स्कूल कालेजों की तर्ज पर ही मदरसा प्रबंधतंत्र द्वारा छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाई का फैसला लिया गया है।

