नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। आज सोमवार को ब्रिटिश गायक एडवर्ड क्रिस्टोफर शीरन अपना जन्मदिन मना रहे हैं। एड शीरन के दीवाने दुनियाभर में फैले हुए हैं। वहीं, भारत में भी उनकी दीवानगी फैंस के सिर चढ़कर बोलती है। भारत में अपने मैथमैटिक्स टूर के दौरान एड ने जमकर धमाल मचाया और अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों को ध्यान आकर्षित किया है। बता दें कि, गायक का जन्म 17 फरवरी 1991 को इंग्लैंड के हैलिफैक्स शहर में हुआ था। तो आइए उनके जन्मदिन के अवसर पर जानते हैं कुछ खास बातें…
बचपन में शुरू हुआ संगीत का सफर
एड शीरन के संगीत का सफर बचपन में शुरू हो गया था। उन्होंने चार साल की उम्र में चर्च में गाना बजाने वालों के साथ गाना गाकर शुरू किया था। उन्होंने 11 साल की उम्र में गिटार बजाना सीख लिया था। उनका संगीत में पहला कदम तब पड़ा जब उन्होंने गाने लिखना शुरू किया, जो आगे चलकर उनकी पहचान बन गया।
‘द ए टीम’ अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हुआ हिट
एड शीरन ने शुरुआती शिक्षा फ्रामलिंगम के थॉमस मिल्स हाई स्कूल में प्राप्त की थी। यहां उन्होंने गाने लिखने की कला में महारत हासिल की। यहीं से उनका यह संगीत प्रेम धीरे-धीरे एक पेशेवर गायक-गीतकार बनने की ओर बढ़ा। 2007 में वह यूथ म्यूजिक थिएटर यूके से जुड़े और फिर उनके संगीत करियर का रास्ता यहीं से तय हुआ। साल 2011 में उनका पहला एल्बम ‘प्लस’ रिलीज हुआ, जो यूके एल्बम चार्ट में नंबर एक पर था। इस एल्बम उनका गाना ‘द ए टीम’ भी था जो न केवल ब्रिटेन, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी हिट हो गया।
मल्टीप्लाई को मिले कई पुरस्कार
एड शीरन के करियर में साल 2014 काफी महत्वपूर्ण रहा। इस साल उनका दूसरा एल्बम मल्टीप्लाई रिलीज हुआ। इस एल्बम ने दुनियाभर में धूम मचाई और साल 2015 का सबसे अधिक बिकने वाला एल्बम बन गया। इस एल्बम के साथ ही एड शीरन को ब्रिट अवॉर्ड्स में ‘एल्बम ऑफ द ईयर’ और इवोर नोवेलो अवॉर्ड जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार मिले। उनके संगीत में पॉप, लोक-पॉप और सॉफ्ट रॉक का अद्भुत मिश्रण होता जो उनके प्रशंसकों के दिलों को छूता है।
तीसरे एल्बम ने रचा इतिहास
उनका तीसरा एल्बम ‘डिवाइड’ साल 2017 में रिलीज हुआ, जिसने एक नया रिकॉर्ड स्थापित किया। इस एल्बम के ‘शेप ऑफ यू’ और ‘कैसल ऑन द हिल’ जैसे हिट गानों के साथ एड शीरन ने संगीत की दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई। ‘शेप ऑफ यू’ गाना एड का सबसे ज्यादा व्यूज पाने वाला गाना है। उनकी सफलता केवल संगीत तक सीमित नहीं रही। उन्होंने अपनी आवाज और संगीत के साथ कई समाजिक कार्यों में भी योगदान दिया है। 2019 में उनका चौथा एल्बम ‘नंबर 6 कोलाबोरेशन प्रोजेक्ट’ था, जो विभिन्न कलाकारों के साथ सहयोग करके प्रस्तुत किया गया था। यह एल्बम भी काफी हिट रहा था।
लोगों की करते हैं मदद
अब तक एड शीरन ने दुनियाभर में 150 मिलियन से अधिक रिकॉर्ड्स बिक चुके हैं। यह अपने आप में ही एक बड़ी उपलब्धि है। दिसंबर 2019 में उन्होंने अपना खुद का संगीत फाउंडेशन एड शीरन सफोक म्यूजिक फाउंडेशन (ईएसएसएमएफ) लॉन्च किया। मई 2020 में एड शीरन ने अपने स्कूल थॉमस मिल्स हाई स्कूल, फ्रामलिंगम, सफोक को एक लाख 70 हजार पाउंड का दान दिया था। इसके अलावा उन्होंने जून 2020 कोविड-19 महामारी के दौरान सफोक में स्थानीय चैरिटी को 10 लाख पाउंड से अधिक का दान दिया था।

