नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है. रान्या राव एक भारतीय अभिनेत्री और मॉडल हैं, जो दक्षिण भारतीय फिल्मों में दिखाई देती हैं। अभिनेत्री पुलिस महानिदेशक रामचंद्र राव की बेटी हैं। बता दें कि, रान्या राव को बेंगलुरु में स्थित केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोने की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अब कोर्ट का कहना है कि उन्हें तीन दिन के लिए डीआरआई (राजस्व खुफिया निदेशालय) की हिरासत में भेजा गया है, ताकि मामले की और गहरी जांच की जा सके। यह आदेश न्यायमूर्ति विश्वनाथ सी गौदर की अध्यक्षता वाली आर्थिक अपराध अदालत ने जारी किया।
अपना जुर्म किया कबूल
हाल ही में रान्या ने राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) को दिए बयान में अपना गुनाह कुबूल किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक डीआरआई को दिए अपने पहले बयान में रान्या ने कुबूल किया कि उनके कब्जे से 17 सोने के टुकड़े बरामद हुए। रान्या ने यह स्वीकार किया कि उन्होंने न केवल दुबई की यात्रा की, बल्कि यूरोप, अमेरिका और मध्य पूर्व के कई देशों का भी दौरा किया। हालांकि, इसके बाद रान्या ने और कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया और अधिकारियों से कहा कि उन्हें आराम करने दिया जाए।
क्या है पूरा मामला?
रान्या राव को डीआरआई ने सोमवार शाम बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया। आरोप है कि उन्होंने अपने डीजीपी पिता के संबंधों का गलत फायदा उठाते हुए सुरक्षा जांच से बचने की कोशिश की। उनके पास से 12.56 करोड़ रुपये का सोना बरामद हुआ, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद डीआरआई अधिकारियों ने बेंगलुरु स्थित उनके घर पर भी छापा मारा, जहां से बड़ी मात्रा में सोना और नकदी मिली।
शक के घेरे में थीं अभिनेत्री
रान्या राव अपनी लगातार अंतर्राष्ट्रीय यात्राओं के कारण डीआरआई के रडार पर थीं। अधिकारियों के अनुसार वह पिछले साल 30 से अधिक बार दुबई जा चुकी थीं। केवल पिछले 15 दिनों में ही वह चार बार दुबई का दौरा कर चुकी थीं। इस आवृत्ति ने उनके ऊपर तस्करी का संदेह उत्पन्न किया। गहन तलाशी में उनके पास छिपा हुआ सोने का बिस्कुट बरामद हुआ, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

