नमस्कार,दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। देश में दिवाली तक वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) व्यवस्था में बड़े सुधारों की संभावनाओं ने बाजार में सकारात्मक माहौल बना दिया है। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखी गई। प्रमुख सूचकांक लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। बीएसई सेंसेक्स आज 203.44 अंकों की छलांग लगाकर 81,477.19 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 53.4 अंक चढ़कर 24,930.35 के स्तर पर पहुंचा।
इन कंपनियों के शेयर चमके
सेंसेक्स की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, अदानी पोर्ट्स, एनटीपीसी, टाइटन और इंफोसिस के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की गई। वहीं, बजाज फाइनेंस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एचसीएल टेक के शेयरों में गिरावट देखने को मिली।
विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी बरकरार
एक्सचेंज डेटा के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 550.85 करोड़ रुपये के शेयरों की खरीदारी की, जिससे घरेलू बाजार को मजबूती मिली।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी. के. विजयकुमार ने कहा, “जीएसटी सुधारों की दिशा में सरकार के कदम और संभावित अगली पीढ़ी के नीतिगत निर्णयों ने बाजार की धारणा को मजबूत किया है।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि व्हाइट हाउस में जारी वार्ता से युद्ध समाप्त होने की उम्मीद है। यदि यह होता है, तो रूस से तेल खरीदने पर भारत पर लगाया गया अतिरिक्त शुल्क हट सकता है, जो बाजार के लिए एक बड़ा सकारात्मक संकेत होगा।
वैश्विक बाजारों का रुख
एशियाई बाजारों की बात करें तो शंघाई का एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। हालांकि, जापान का निक्केई 225 और दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए।
वहीं, अमेरिकी बाजार सोमवार को स्थिर रुख के साथ बंद हुए। ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.50% गिरकर 66.24 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई।
बीते सोमवार को भी रही तेजी
इससे पहले सोमवार को भी बाजार में जबरदस्त तेजी देखी गई थी। सेंसेक्स 676.09 अंक यानी 0.84% की बढ़त के साथ 81,273.75 पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी ने 245.65 अंक या 1% की छलांग लगाते हुए 24,876.95 का स्तर छू लिया था।

