जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: प्रतिष्ठित अलेक्जेंडर एथलेटिक्स क्लब के चुनावी माहौल में बुधवार से सरगर्मी और तेज हो गई है। क्लब चुनाव के लिए आज सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद शाम 5 से 7 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। चुनाव अधिकारी डॉ. एसपी देशवाल और सपान सोधी की देखरेख में फाइनल सूची जारी होगी। क्लब में इस बार टेस्टेड-ट्रस्टेड पैनल और परिवर्तन परिवार पैनल आमने-सामने हैं। उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और 11 कार्यकारिणी सदस्यों के पदों पर कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। क्लब के कुल 1367 सदस्य मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान 14 सितंबर को होगा और उसी दिन शाम को नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे। अलेक्जेंडर क्लब का चुनाव शहर में हमेशा से चर्चा का विषय रहा है। इस बार भी सदस्य बड़ी संख्या में अपने पसंदीदा पैनल के समर्थन में जुटे हुए हैं। नामांकन प्रक्रिया के साथ ही अब चुनावी हलचल और तेज होने की संभावना है।

