जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना गंगोह क्षेत्र के एक स्कूल परिसर में अभिभावक और उसके पुत्र से मारपीट व धमकी देने के मामले में पुलिस ने स्कूल के प्रधानाचार्य को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि अभिभावक अपनी बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे थे, जहां बातचीत के दौरान मामला इतना बिगड़ा कि प्रधानाचार्य ने अभिभावक और उसके पुत्र के साथ न केवल हाथापाई की, बल्कि उन्हें कमरे में बंधक बनाकर धमकियां भी दीं।
गंगोह थाना प्रभारी निरीक्षक पीयूष दीक्षित ने बताया कि यह घटना एक सितम्बर की है। पीड़ित हिफजुल करीम पुत्र मोहम्मद इकबाल निवासी मोहल्ला बहाउद्दीन, थाना गंगोह ने मामले की लिखित तहरीर पुलिस को सौंपी थी।
तहरीर में आरोप लगाया गया कि जब वे अपनी बेटी से छेड़छाड़ की शिकायत को लेकर प्रधानाचार्य के पास पहुंचे तो स्कूल के प्रिंसिपल पंकज कुमार सैनी पुत्र पहल सिंह निवासी मोहल्ला मोहम्मद गौरी ने न सिर्फ शिकायत को नज़रअंदाज किया, बल्कि उनके और उनके बेटे के साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का कहना है कि उन्हें धमकी दी गई कि अगर मामला आगे बढ़ाया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। तहरीर के आधार पर थाना गंगोह पुलिस ने धारा 191(2)/115(2)/118(1)/351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश जारी किए। प्रभारी निरीक्षक गंगोह थाना पीयूष दीक्षित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी और आरोपी प्रधानाचार्य पंकज सैनी को लखनौती चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अतुल कुमार और हेड कांस्टेबल राहुल कुमार (321) शामिल रहे।

