- शामली रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध हालात में लगी थी आग
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: रेलवे स्टेशन पर चार महीने से खड़ी सीएनजी ट्रेन में आग लगने की घटना की जांच शकूरबस्ती में फोरेंसिक टीम करेगी। रविवार की रात को शामली से ट्रेन को शकूरबस्ती के लिए रवाना किया गया।
दिल्ली-शामली-सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन लॉकडाउन के बाद चार माह से शामली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह पर खड़ी हुई थी। इस ट्रेन को शनिवार रात को ही प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ा किया गया था। रविवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे अचानक ही सीएनजी इंजन में आग लग गई थी।
वहां रेलवे ट्रैक किनारे मॉर्निंग वाक कर रहे लोगों ने शोर मचाते हुए रेलवे कर्मियों को सूचना दी थी। आग लगने से वहां हड़कंप मच गया था। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया था। वहीं फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच पड़ताल भी की थी लेकिन कुछ खास जानकारी हासिल नहीं लग सकी।
उधर, उप स्टेशन अधीक्षक पवन कुमार ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर उक्त ट्रेन रविवार रात ही शकूरबस्ती डिपो में रवाना कर दिया गया। अब वहीं पर मरम्मत होगी और जांच के संबंध में वहीं से नमूने फारेंसिक प्रयोगशाला लखनऊ भेजे जाएंगे।

