जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना कोतवाली नगर पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर रोक लगाते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में दो चोर और एक कबाड़ी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का 38 किलो ताँबे का तार और 5.350 किलो एल्युमिनियम का तार बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
शुक्रवार को एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ और वारंटी/शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर नेमचन्द सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 18 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर चेकिंग और गश्त के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित पाल निवासी देवला, राहुल निवासी सरकडी खुमार और कबाड़ी हसीन निवासी लुहानी सराय के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0-197/25 धारा 317(5)/317(4) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी सिटी के मुताबिक पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात में ट्यूबवेलों और मकानों पर जाकर मोटर तोड़ते थे और केबिल जलाकर उनमें से ताँबा और एल्युमिनियम निकालते थे। चोरी किया गया माल वे कबाड़ी हसीन को बेचते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे इससे पहले भी कई बार चोरी कर चुके हैं और हसीन ही उनका नियमित खरीदार रहा है।एसपी सिटी व्योम बिंदल ने कहा कि पुलिस की यह कार्रवाई अपराधियों के हौसले पस्त करने वाली है और ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सत्येन्द्र कुमार शर्मा, हेड कॉन्स्टेबल शान मोहम्मद, हेड कॉन्स्टेबल जसवंत सिंह और कॉन्स्टेबल अभिषेक शामिल रहे।

