नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के लिए 2025 का महिला विश्वकप बेहद निराशाजनक रहा। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हुए इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी और अंकतालिका में सबसे नीचे रही। इस खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कड़ा कदम उठाते हुए टीम के हेड कोच मोहम्मद वसीम को उनके पद से हटा दिया है। भारत के लिए यह विश्वकप ऐतिहासिक रहा, क्योंकि भारतीय महिला टीम ने पहली बार महिला विश्वकप का खिताब जीता है।
आखिरी स्थान पर रहकर अपना अभियान समाप्त किया
पाकिस्तान ने इस साल अप्रैल में लाहौर में हुए क्वालिफायर्स में शीर्ष पर रहते हुए महिला विश्वकप के लिए क्वालिफाई किया था। हालांकि, टूर्नामेंट में फातिमा सना के नेतृत्व में टीम कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी। कोलंबो में खेले सात मुकाबलो में टीम एक भी मैच जीत नहीं सकी और आखिरी स्थान पर रहकर अपना अभियान समाप्त किया। सात में से पाकिस्तान को चार मैचों में हार का मुंह देखना पड़ा जबकि तीन मुकाबले बारिश के कारण रद्द हो गए।
वसीम का अनुबंध विश्व कप के साथ ही समाप्त
पीसीबी ने कहा कि वसीम का अनुबंध विश्व कप के साथ ही समाप्त हो गया था और बोर्ड ने इसे आगे न बढ़ाने और इसके बजाय एक नया मुख्य कोच नियुक्त करने का फैसला किया है। बता दें कि, पूर्व टेस्ट खिलाड़ी वसीम, जो पुरुष टीम के मुख्य चयनकर्ता भी रह चुके हैं, उन्हें पिछले साल मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। उनके कार्यकाल में पाकिस्तान की टीम एशिया कप सेमीफाइनल हार गई और फिर इस वर्ष के शुरू में टी20 विश्व कप के लीग चरण में बाहर हो गई थी।

