जनवाणी संवाददाता।
सहारनपुर: थाना मिर्जापुर क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और 550 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई है। घटना के दौरान आरोपी का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
एसपी देहात सागर जैन के अनुसार जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 12 जनवरी की रात मिर्जापुर पुलिस शेरपुर पेलो रोड पर पुलिया के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे और फायरिंग की।
पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद दोनों युवक खेतों की ओर भागे। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे मौके पर ही काबू कर लिया गया। दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नदीम पुत्र नाजिम निवासी गांव रायपुर, थाना मिर्जापुर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी देहात ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

