जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का सिलसिला जारी है। चांदी में 14,530 रुपये की जोरदार बढ़त दर्ज की गई, जिससे इसका भाव बढ़कर 2.67 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया। वहीं, सोने की कीमत 2,680 रुपये चढ़कर 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।
वैश्विक बाजार में भी तेजी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं की रफ्तार तेज बनी हुई है। स्पॉट गोल्ड 5,027.13 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है। कॉमेक्स पर सोने के वायदा भाव में 1.94 फीसदी की बढ़त के साथ यह 5,179 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया। चांदी की कीमतों में भी मजबूत उछाल देखा गया है। वैश्विक बाजार में 5.42 फीसदी की तेजी के साथ चांदी 86.805 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई है।
ट्रंप के टैरिफ का असर
विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के चलते निवेशक सुरक्षित निवेश विकल्पों, खासकर सोना और चांदी, की ओर रुख कर रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वैश्विक टैरिफ बढ़ाने के फैसले से बढ़े व्यापारिक तनाव और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक अस्थिरता ने भी कीमती धातुओं की मांग को मजबूती दी है।
बाजार विश्लेषकों का मानना है कि मौजूदा हालात को देखते हुए इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में तेजी का रुख बना रह सकता है। अब निवेशकों की नजर इस बात पर है कि क्या सोना नए रिकॉर्ड स्तर को छुएगा या फिर बाजार में कुछ समय के लिए उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।

