भाषणा बांसल
आपके चेहरे की झुर्रियां अक्सर आपकी बढ़ती उम्र की ओर इशारा कर देती हैं, साथ ही उम्र बढ़ने के साथ-साथ शारीरिक समस्याएं जैसे दिल की बीमारी, आर्थराइटिस, जल्दी थकान होना, चेहरे की चमक खोना, आंखों की कमजोरी इत्यादि भी पैदा हो जाती हैं जिनसे बढ़ती उम्र का अहसास होता है।
यह सही है कि आप उम्र को बढ़ने से नहीं रोक सकती परन्तु इसके प्रभाव से अवश्य बच सकती हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार, सही समय पर व उचित ढंग से यदि भोजन का सेवन किया जाए तो आप जवां दिख सकती हैं। प्रकृति ने हमें अनेक ऐसी वस्तुएं प्रदान की हैं जिनके सेवन से आप अपनी उम्र को झुठला सकते हैं।
केला कई तरह से लाभदायक
इसमें पोटाशियम भरपूर मात्रा में होता है। यह ब्लडप्रेशर को संतुलित रखता है तथा हृदयरोगों के खतरे को कम करता है इसमें ऐसे पोषक तत्व होते हैं जो नसों व मांसपेशियों को स्वस्थ रखने में सहायक होते हैं। साथ ही यह अच्छी नींद लाने में भी सहायक हैं।
अंगूर में हैं आक्सीडेंट तत्व
यह एंटीआक्सीडेंट तत्वों से भरपूर है। यह बुरे कोलेस्ट्रॉल को शरीर में कम करता है तथा ब्लड को बॉडी में जमने से रोकता है। चूंकि पानी तथा रेशे इसमें उच्च मात्रा में विद्यमान होते हैं सो यह शरीर में से विषैले तत्वों को बाहर निकालकर लिवर तथा पेट को साफ रखता है।
विटामिन सी से भरपूर अनन्नास
इसमें विटामिन सी काफी मात्रा में होता है यह हमारे इम्यून सिस्टम को दुरूस्त रखने में सहायक है। यह फ्री रेडिकल्स जो बढ़ती उम्र के प्रभाव को चेहरे पर स्पष्ट दिखाते हैं, से हमारी रक्षा करता है। यह मैंग्नीज का अच्छा स्रोत है जो ऊर्जा बढ़ाने हेतु महत्वपूर्ण है।
चुकंदर बढ़ाए खून
यह सुंदर व स्वस्थ त्वचा, बालों, उंगलियों के नाखूनों, शरीर के ऊतकों व हड्डियों हेतु जरूरी हैं। इसमें ऐसे एंटीआॅक्सीडेंट तत्व होते हैं जो हमारे खून को साफ करते हैं व झुर्रियां को रोकते हैं। इस पर हुए शोध से पता चला है कि यह इम्यून सेल्स का पूर्ण उत्पादन तथा लिवर की रक्षा करने में सहायक है।
मूली किडनी पेट के लिए लाभदायक
इसमें पानी, पोटशियम, विटामिन सी तथा मैंग्नीशियम प्रचुर मात्रा में होता है। चिकित्सकों के अनुसार यदि इसका नियमित रूप से सेवन किया जाए तो इससे चेहरे के काले दाग-धब्बे व झुर्रियां दूर होती हैं। यही नहीं, यह आपकी आंखों, किडनी व पेट के लिए भी काफी फायदेमंद है।
हरी मटर में हैं कई विटामिन
यह विटामिन सी, बी-1, प्रोटीन, आयरन व रेशों से भरपूर है। यह ब्लड सेल्स की पैदावार को बढ़ाती है, हृदय रोग के खतरे को कम करती है, हमारी बॉडी की कैंसर से लड़ने में मदद करती है, बॉडी में ब्लड शूगर के स्तर को स्थिर रखती है तथा ऊर्जा बढ़ाती है।
आंवला है अमृतफल
इसका नियमित सेवन पाचनशक्ति बढ़ाता है, पेट साफ रखता है तथा चेहरे की रंगत को निखारकर त्वचा को चमकदार बनाता है।
गाजर आंखों के लिए बेहतरीन
आंखों की सेहत के लिए काफी अच्छी है। इम्यून सिस्टम तथा पाचनतंत्र को दुरुस्त रखती है। त्वचा को झुर्रियों से मुक्त करती है। पानी व रेशों से भरपूर होने के कारण लिवर को साफ रखती है तथा शरीर में आॅक्सीजन की मात्रा को बढ़ाती है।
अंकुरित अनाज विटामिन्स से भरपूर
ये विभिन्न प्रकार के विटामिन्स से भरपूर हैं। ये आपकी त्वचा, बालों व नाखूनों को स्वस्थ व मजबूत बनाते हैं।
ड्राई फ्रूट्स बुरे कोलेस्ट्रॉल को करे कम
इनमें प्रोटीन, विटामिन व ओमेगा 3 फैटी ऐसिड पाए जाते हैं। ये बुरे कोलेस्ट्रॉल को शरीर में कम करते हैं तथा दिमागी शक्ति को दुरूस्त रखने में सहायक हैं।
प्रोटीन से भरपूर अंडे
इनमें प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है। ये त्वचा, बाल, हड्डियों, मांसपेशियों इत्यादि को मजबूत बनाने में सहायक है। दिमागी ऊर्जा बढ़ाने हेतु इसका सेवन अत्यंत लाभप्रद है। ये याददाश्त व एकाग्रचित्तता को बढ़ाते हैं, साथ ही भावनात्मक स्थिति को भी स्वस्थ रखने में सहायक हैं।

