नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। शनिवार को भुवनेश्वर के केआईआईटी में 61वीं मिस इंडिया प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इस साल का मिस इंडिया वर्ल्ड खिताब गोवा की साध्वी सैल ने जीता। साध्वी ने राजनंदिनी और अद्वैता को पीछे छोड़ते हुए यह खिताब अपने नाम किया।
साध्वी सैल के बारे में जानिए
साध्वी सैल का ताल्लुक गोवा से है। उन्होंने अर्थशास्त्र और अंतर्राष्ट्रीय संबंधों में शिक्षा प्राप्त की है और वह सात भाषाओं में पारंगत हैं। उनका यह सफर बेहद प्रेरणादायक माना जा रहा है।
भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी मिस वर्ल्ड में
मिस इंडिया वर्ल्ड का ताज जीतने के बाद साध्वी अब मिस वर्ल्ड 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने 30 प्रतियोगियों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उम्मीद है कि उनकी समझदारी और खूबसूरती से भारत को मिस वर्ल्ड का ताज मिल सकता है।
खिताब जीतने के बाद साध्वी का बयान
साध्वी ने कहा, “मुझे यह सब बहुत ही हैरान करने वाला लग रहा है कि हमें यह मौका मिला। हम सभी ने बहुत अच्छा समय बिताया। मैं वैश्विक मंच पर देश को गौरवान्वित करना चाहती हूं। सफर में कठिनाइयां थीं, लेकिन आयोजकों ने हमारा पूरा ध्यान रखा। मैं इस खिताब के साथ अपने देश का प्रतिनिधित्व करना चाहूंगी।”
समारोह में हुईं कई हस्तियों की उपस्थिति
18 अप्रैल को भुवनेश्वर के कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी में आयोजित इस समारोह में छात्रों ने परफॉर्म किया। कार्यक्रम में जीनत अमान, नेहा धूपिया, सेलिना जेटली, मधुर भंडारकर और टेरेंस लुईस शामिल हुए। मनीष पॉल ने शो होस्ट किया, जबकि गायक जुबिन नौटियाल, डांसर लॉरेन गॉटलिब और अभिनेता ईशान खट्टर ने शानदार प्रस्तुति दी।

