जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को मेट्रो फेज-4 के तहत आरके आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और डीएमआरसी द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना की प्रगति, निर्माण गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और समय-सीमा के पालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आरके आश्रम मार्ग स्टेशन को एक महत्वपूर्ण इंटरचेंज हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो ब्लू लाइन और मैजेंटा लाइन के बीच कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। यह स्टेशन जनकपुरी वेस्ट से आरके आश्रम मार्ग तक 28.92 किलोमीटर लंबी लाइन-8 कॉरिडोर का प्रमुख केंद्र होगा।
फेज-4 के तहत जनकपुरी वेस्ट से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन और दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक के हिस्से पहले ही यात्रियों के लिए खोले जा चुके हैं, जबकि बाकी हिस्सों पर निर्माण कार्य तेजी से जारी है। यह कॉरिडोर पश्चिम, उत्तर और मध्य दिल्ली के घनी आबादी वाले आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों से गुजरेगा, जिससे यात्रा समय में कमी, सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव घटने और प्रदूषण में कमी आएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के जटिल कॉन्ट्रैक्ट पैकेज में लगभग 7 किलोमीटर लंबी ट्विन टनल और छह प्रमुख अंडरग्राउंड स्टेशन—डेरावल नगर, घंटाघर, पुलबंगश, सदर बाजार, नबी करीम और आरके आश्रम मार्ग—का डिजाइन और निर्माण शामिल है। उन्होंने कहा कि सदर बाजार जैसे जटिल क्षेत्रों में भूमिगत स्टेशन का निर्माण, सक्रिय रेलवे लाइन के पास टनल बोरिंग और अन्य चुनौतीपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए हैं।
आरके आश्रम मार्ग स्टेशन न केवल प्रमुख इंटरचेंज हब बनेगा, बल्कि भविष्य में मेट्रो नेटवर्क विस्तार का आधार भी होगा। केंद्रीय दिल्ली की भीड़ को कम करने और प्रशासनिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए मैजेंटा लाइन को आरके आश्रम मार्ग से इंद्रलोक तक विस्तारित किया जाएगा। इस विस्तार में 9.91 किलोमीटर का आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ खंड और 11.9 किलोमीटर का इंद्रप्रस्थ से इंद्रलोक खंड शामिल है। सभी चरणों के पूरा होने के बाद, बोटेनिकल गार्डन से इंद्रलोक तक मैजेंटा लाइन की कुल लंबाई 88.4 किलोमीटर और 65 स्टेशन हो जाएंगे।

