जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: राजधानी लखनऊ में मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) मुख्यालय में कई नेता पार्टी में शामिल हुए। इस दौरान बसपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एमएच खान, श्यामलाल निषाद, विजय कुमार लाल, अखिलेश पाठक, इशरत अली खान और नीलू सत्यार्थी समेत कई नेता सपा में शामिल हुए। इस मौके पर सीमा राजभर को समाजवादी महिला सभा की नई राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया। वे बलिया की रहने वाली हैं।
अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार और भाजपा की पदयात्रा पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि इतनी धूप में बिना चश्मा लगाए पदयात्रा की गई, जबकि पहली बार कोई सरकार अपने ही बिल पर इतनी मेहनत कर रही है। अखिलेश ने यह भी कहा कि जब भाजपा जाएगी, तो अब ऐसी मेहनत नहीं होगी।
चायवाले की दुकान को लेकर तंज
अखिलेश यादव ने कहा कि एक चायवाले ने जो चाय बनाई, उसकी दुकान ही बंद करा दी गई। उन्होंने कहा कि ये लोग रोजगार देने में असफल हैं और किसी की मेहनत बर्दाश्त नहीं कर पाते।
महिला आरक्षण बिल पर टिप्पणी
अखिलेश ने महिला आरक्षण बिल को लेकर कहा कि यह बिल पहले ही पास हो चुका है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि उनकी नीयत खराब है और उनके संघी साथी छिपकर मंसूबे बनाते हैं। उन्होंने कहा कि आज आरक्षण से पहले संरक्षण की जरूरत है।
सीएम योगी के बयान पर तंज
सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री योगी के बयान “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” पर भी चुटकी ली और कहा कि भाजपा बार-बार झूठ का पाठ पढ़ाती है। उन्होंने कहा कि सरकार सदन में यह स्पष्ट करे कि जो महिला आरक्षण बिल पास हुआ, वह वास्तव में क्या था।

