जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: कमिश्नरेट पुलिस में लंबे समय से एक ही थाने में जमे हेड कांस्टेबल और कांस्टेबलों पर आखिरकार प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह ने तीनों जोन में कुल 428 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए हैं।
पुलिसकर्मी लंबे समय से एक ही थाने में तैनात
सूत्रों के अनुसार, कई पुलिसकर्मी लंबे समय से एक ही थाने में तैनात थे और निर्धारित समय पूरा होने के बावजूद उनका स्थानांतरण नहीं हो रहा था। इससे क्षेत्र में उनकी पकड़ मजबूत हो जाती थी, जिसके चलते कई बार अनैतिक गतिविधियों में संलिप्तता की शिकायतें भी सामने आती थीं।
पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया
कमिश्नरेट लागू होने के बाद यह अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई मानी जा रही है। अचानक हुए इन तबादलों से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि कुछ पुलिसकर्मियों ने सिफारिश के जरिए तबादला रुकवाने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें फटकार लगाई।
प्रशासन का मानना है कि इस कदम से पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी और कार्यप्रणाली में सुधार होगा। साथ ही, लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मियों के प्रभाव को भी कम किया जा सकेगा।

