जनवाणी ब्यूरो |
कंकरखेड़ा: पल्लवपुरम थाने में तैनात दरोगा छत्रपाल सिंह को एंटी करप्शन टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दरोगा वर्ष 2023 बैच का बताया जा रहा है और मूल रूप से बरेली जनपद के मीरगंज क्षेत्र के ग्राम लाभेड़ा दुर्गाप्रसाद का निवासी है।
बताया गया है कि दरोगा अपने कमरे में, जो थाने की तीसरी मंजिल पर स्थित है, रिश्वत की रकम ले रहा था। इसी दौरान एंटी करप्शन टीम ने छापा मारकर उसे पकड़ लिया। मामला एनडीपीसी एक्ट में दर्ज एक मुकदमे से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें पीड़ित मेडिकल थाना क्षेत्र का निवासी है।
फिलहाल एंटी करप्शन टीम आरोपी के खिलाफ कंकरखेड़ा थाने में वैधानिक कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

