जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में रविवार तड़के एक चार-मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना सुबह लगभग 3:48 बजे मिली, जिसके तुरंत बाद पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन की टीमों ने मौके पर पहुँच कर बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस के अनुसार, आग की लपटों ने इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बचाव के दौरान 10-15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आईं और उन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आग बुझाने के लिए कुल 12 दमकल गाड़ियाँ भेजी गईं। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस ने बचाव कार्यों में मदद की। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, आग कम से कम छह फ्लैटों में रखे घरेलू सामान में लगी थी। बचाव अभियान के दौरान पहली मंजिल से एक, दूसरी मंजिल से पांच और बंद सीढ़ियों से तीन जली हुई लाशें बरामद की गईं। शवों की पहचान के लिए उन्हें GTB अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया है। कुछ शवों की पहचान DNA सैंपलिंग के माध्यम से की जाएगी।
भाजपा विधायक संजय गोयल ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने बताया कि आग सुबह लगभग 3:45 बजे शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी और इमारत की चारों मंजिलों तक फैल गई। कुछ लोग फ्लैट के ताले खोल पाने में असमर्थ रहे, जिससे उनकी मौत हुई। हालांकि, कुछ लोगों का कहना है कि आग AC में धमाके के कारण भी लगी हो सकती है।
विवेक विहार आग स्थल पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विरेंद्र सचदेवा और अन्य नेता पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा और दिल्ली सरकार पीड़ित परिवारों के साथ हैं। प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इस दर्दनाक घटना पर राजनीति करने वालों की निंदा की।

