जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। इस अहम बैठक में वह राज्य की मौजूदा स्थिति, कानून व्यवस्था और बागी सांसदों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।
मुख्यमंत्री से पहले आम आदमी पार्टी छोड़ चुके राज्यसभा सांसद—राघव चड्ढा, संदीप पाठक, अशोक मित्तल और राजेंद्र गुप्ता—भी राष्ट्रपति से मिलने पहुंचे हैं। ये सांसद पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था, सीमा पार से नशे और हथियारों की तस्करी जैसे गंभीर मुद्दों को उठाने की तैयारी में हैं। साथ ही हालिया राजनीतिक घटनाक्रम और विवादों की जानकारी भी राष्ट्रपति को दी जा सकती है।
सीएम मान अकेले करेंगे मुलाकात
मुख्यमंत्री मान अपने सभी विधायकों के साथ दिल्ली पहुंचे हैं, लेकिन राष्ट्रपति भवन की ओर से केवल उन्हें ही मुलाकात की अनुमति दी गई है। ऐसे में विधायक बाहर ही रुकेंगे और सीएम मान अकेले राष्ट्रपति से मिलेंगे। इस दौरान वह ‘राइट टू रिकॉल’ कानून को लागू कराने के लिए भी राष्ट्रपति के हस्तक्षेप की मांग कर सकते हैं।
भाजपा का तंज
इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि सीएम मान विधायकों को वोल्वो बसों में लेकर दिल्ली पहुंचे हैं, लेकिन उन्हें सावधान रहना चाहिए कि कहीं यह बस भाजपा कार्यालय की ओर न मुड़ जाए।
राजनीतिक हलचल तेज
पंजाब की राजनीति में इस समय हलचल तेज है। एक ओर जहां सरकार राज्य के मुद्दों को केंद्र के सामने रखने की कोशिश कर रही है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष और बागी नेता सरकार पर सवाल खड़े कर रहे हैं। राष्ट्रपति से होने वाली यह मुलाकात आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति को नई दिशा दे सकती है।

