जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: आरटीई फीस प्रतिपूर्ति में अनियमितता के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीडीएम पब्लिक स्कूल शांतिनगर और भगवती देवी मैमोरियल पब्लिक स्कूल लेबर कॉलोनी के प्रबंधक और प्रधानाध्यापिकाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। साथ ही दोनों स्कूलों की मान्यता वापस लेने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर गठित त्रि-सदस्यीय जांच समिति ने मामले की जांच की थी। जांच में सामने आया कि स्कूल प्रबंधन द्वारा मिथ्या दावों और तथ्यों को छिपाकर नियम विरुद्ध तरीके से विभाग से आरटीई के तहत फीस प्रतिपूर्ति की धनराशि प्राप्त की गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने 16.30 लाख रुपये की गलत तरीके से प्राप्त धनराशि के सापेक्ष दोगुनी रकम 32.61 लाख रुपये की वसूली के आदेश जारी किए हैं।विभागीय कार्रवाई के तहत बीडीएम पब्लिक स्कूल शांतिनगर के प्रबंधक अशोक मलिक, प्रधानाध्यापिका सीमा मलिक तथा भगवती देवी मैमोरियल पब्लिक स्कूल लेबर कॉलोनी की प्रधानाध्यापिका सुषमा मलिक के खिलाफ संबंधित थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
प्रशासन ने दोनों स्कूलों की मान्यता समाप्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।जांच सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी समग्र शिक्षा, खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय और खंड शिक्षा अधिकारी नकुड़ की समिति द्वारा की गई थी। अधिकारियों के अनुसार अमान्य पाए गए विद्यालयों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

