जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: NEET UG 2026 परीक्षा से जुड़े उम्मीदवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा शुल्क वापसी के लिए बैंक खाते की जानकारी जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 जून 2026 कर दी है। पहले यह Deadline 26 मई निर्धारित की गई थी।
NTA ने यह फैसला उन लाखों छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया है, जिन्होंने अब तक अपने बैंक डिटेल्स पोर्टल पर अपडेट नहीं किए हैं।
पेपर लीक के बाद रद्द हुई थी परीक्षा
गौरतलब है कि नीट यूजी 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी। हालांकि, पेपर लीक के आरोपों के बाद एनटीए ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद एजेंसी ने 21 जून 2026 को दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया।
एनटीए पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि री-एग्जाम के लिए उम्मीदवारों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा और पहले जमा की गई परीक्षा फीस वापस की जाएगी।
अब तक 13 लाख छात्रों ने अपडेट की जानकारी
एनटीए ने 22 मई से 26 मई तक उम्मीदवारों को बैंक खाते की जानकारी जमा करने का मौका दिया था। एजेंसी के मुताबिक अब तक करीब 13 लाख उम्मीदवार अपने बैंक अकाउंट डिटेल्स अपडेट कर चुके हैं।
एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी नोटिस में कहा कि जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें अतिरिक्त समय देने के लिए बैंक डिटेल्स जमा करने की सुविधा 22 जून 2026 रात 11:50 बजे तक बढ़ाई जा रही है।
ऐसे करें बैंक डिटेल्स अपडेट
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नीट यूजी 2026 रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर लॉगिन कर रिफंड लिंक के जरिए अपने बैंक खाते की सही जानकारी दर्ज करें। जानकारी की सटीकता सुनिश्चित करने के लिए उम्मीदवार कैंसिल चेक भी अपलोड कर सकते हैं।
एनटीए ने साफ कहा है कि एक बार बैंक डिटेल्स जमा होने के बाद उसमें किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जा सकेगा। इसलिए सभी जानकारी बेहद सावधानी के साथ भरने की सलाह दी गई है।
21 जून को होगी दोबारा परीक्षा
इस वर्ष नीट यूजी 2026 परीक्षा के लिए करीब 23 लाख उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। फिलहाल पेपर लीक मामले की जांच सीबीआई कर रही है, जबकि री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाएगा।

