जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पाकिस्तान समर्थित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ देशभर में बड़ा अभियान शुरू किया है। एजेंसी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और महाराष्ट्र में एक साथ 12 स्थानों पर छापेमारी कर रही है। यह कार्रवाई पाकिस्तान से जुड़े ऑपरेटिव जसवीर चौधरी और उसके भारतीय सहयोगियों से जुड़े मामले में की जा रही है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस नेटवर्क पर ड्रोन के जरिए भारत में हथियार, गोला-बारूद और आईईडी (IED) की खेप भेजने का आरोप है। बताया जा रहा है कि इन हथियारों का इस्तेमाल पंजाब, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में बड़े आतंकी हमलों के लिए किया जाना था।
चार राज्यों में NIA की ताबड़तोड़ कार्रवाई
एनआईए की टीमें उत्तर प्रदेश में 5, राजस्थान में 2, बिहार में 2 और महाराष्ट्र में 3 ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रही हैं। छापेमारी के दौरान डिजिटल डिवाइस, दस्तावेज और संदिग्ध सामग्री की जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, यह आतंकी नेटवर्क भारत-पाकिस्तान सीमा के जरिए ड्रोन का इस्तेमाल कर विस्फोटक सामग्री और हथियारों की तस्करी कर रहा था। एजेंसियों का मानना है कि इस साजिश का मकसद देश में दहशत फैलाना और आम नागरिकों को निशाना बनाना था।
सिरसा ग्रेनेड हमला मामले में भी चार्जशीट
इसी बीच एनआईए ने हरियाणा के सिरसा महिला थाना ग्रेनेड हमला मामले में भी बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने इस केस में दो पाकिस्तानी नागरिकों समेत नौ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है।
जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर से आतंकी बने शाहजाद भट्टी के इशारे पर भारत में पुलिस ठिकानों को निशाना बनाने की साजिश रची गई थी।
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़ने का आरोप
एनआईए के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलकर इस नेटवर्क से जोड़ रहे थे। आरोपियों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम (UAPA), भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।फिलहाल एजेंसी फरार आरोपियों और इस पूरे आतंकी नेटवर्क से जुड़े अन्य लिंक की तलाश में जुटी हुई है।

