जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव के बाद राज्य की राजनीति गर्मा गई है। राबड़ी देवी 10 सर्कुलर रोड स्थित अपने सरकारी आवास को खाली करने के मामले में सरकार से टकराव की स्थिति में हैं। शनिवार को उन्होंने अपने आवास के बाहर तैनात सभी सुरक्षाकर्मियों को वापस भेज दिया।
आवास के बाहर सन्नाटा
शनिवार सुबह राबड़ी देवी के आवास के बाहर कोई सुरक्षाकर्मी नहीं दिखा और परिसर में सन्नाटा पसरा रहा। इस बीच, राजद ने सुरक्षा में कटौती को लेकर बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला।
राजद का आरोप: अपमान की कोशिश
राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि लालू-राबड़ी परिवार ने सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई सुरक्षा वापस कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने अपने “आका” के निर्देश पर सुरक्षा में भारी कटौती की और यह कदम अपमानित करने की मंशा से उठाया गया। शक्ति सिंह ने कहा कि कभी मकान खाली करने का दबाव और कभी सुरक्षा में कटौती, यह सब विपक्ष को कमजोर करने की साजिश है। उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में राजद के अन्य नेता भी अपनी सरकारी सुरक्षा वापस कर सकते हैं।
जेड प्लस सुरक्षा खत्म, नई एसएसजी व्यवस्था लागू
दरअसल, शुक्रवार को बिहार सरकार ने राज्य सुरक्षा समिति की सिफारिशों के आधार पर लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को मिली जेड प्लस सुरक्षा समाप्त कर दी और उनके लिए विशेष सुरक्षा दल (एसएसजी) की सुरक्षा तय की।
नई व्यवस्था के तहत राबड़ी देवी को बीसैप के दो से आठ हाउस गार्ड, तीन महिला अंगरक्षक (सादे लिबास), तीन वर्दीधारी अंगरक्षक, एक बुलेटप्रूफ वाहन, पायलट और एस्कॉर्ट वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे।

