जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: रविवार शाम दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तेज आंधी और बारिश के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खराब मौसम के चलते ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अनियंत्रित होकर खड़े विमानों से टकरा गए, जिससे एयर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए।
यह घटना शाम करीब 4:40 बजे टर्मिनल-2 के निकट स्थित पार्किंग बे में हुई। तेज हवाओं के कारण ग्राउंड सपोर्ट इक्विपमेंट अपनी जगह से खिसककर विमानों से जा टकराए। टक्कर से विमानों को नुकसान पहुंचा, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई कर्मचारी या यात्री घायल नहीं हुआ।
बताया गया है कि हादसे के समय पार्किंग बे क्षेत्र में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षतिग्रस्त विमानों को तत्काल सेवा से हटा दिया गया। इससे एयर इंडिया के उड़ान संचालन पर कुछ प्रभाव पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। अधिकारियों ने स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया।
घटना का वीडियो आया सामने
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में तेज बारिश और तेज हवाओं के बीच रनवे क्षेत्र में खड़े ग्राउंड सपोर्ट उपकरण अचानक अनियंत्रित होकर तेजी से आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। वहीं एयरपोर्ट स्टाफ उन्हें रोकने के लिए उनके पीछे दौड़ता नजर आ रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

