जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक और राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बराइक ने राज्यसभा सभापति सीपी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंपा है। उन्होंने तुरंत प्रभाव से अपने पद से हटने की बात कही है। पश्चिम बंगाल में हालिया चुनाव नतीजों के बाद ममता बनर्जी की पार्टी में अंदरूनी खींचतान और दरारें बढ़ती नजर आ रही हैं।
कितने सांसद छोड़ चुके हैं टीएमसी?
अब तक कुल तीन सांसद टीएमसी छोड़ चुके हैं। खबरों में अटकलें लगाई जा रही हैं कि लगभग 20 सांसद ममता बनर्जी का साथ छोड़ने का मन बना चुके हैं। इसके अलावा, बंगाल में कई विधायक भी ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व को स्वीकार करते हुए ममता बनर्जी के कैंप से अलग होने के संकेत दे चुके हैं।
कौन-कौन नेता छोड़ चुके हैं पार्टी?
बराइक से पहले सुखेंदु शेखर रॉय और असम से निर्वाचित महिला सांसद सुष्मिता देव ने भी पार्टी छोड़ दी थी। सुखेंदु शेखर रॉय ने पार्टी से इस्तीफा देने के बाद तृणमूल के कार्यकाल पर सवाल उठाए और आरजी कर अस्पताल में हुए दुष्कर्म और हत्या मामले को इसका कारण बताया। वहीं, सुष्मिता देव ने पार्टी छोड़ने के बाद असम की राजनीति पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही।

