नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। मशहूर बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा इन दिनों रियलिटी शो ‘लॉक अप: सच या सजा’ में अपने बेबाक अंदाज के कारण लगातार चर्चा में हैं। हाल ही में शो के दौरान उन्होंने अपनी शादी और पति गोविंदा को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसे सुनकर शो के होस्ट फराह खान और रितेश देशमुख भी हैरान रह गए।
सुनीता आहूजा ने क्या कहा?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनीता आहूजा ने शो में कहा कि चाहे उनके पति गोविंदा के कई महिलाओं के साथ संबंध क्यों न हों, वह उन्हें कभी नहीं छोड़ेंगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका प्यार आखिरी सांस तक कायम रहेगा।
सुनीता ने कहा, “यह मेरी जिंदगी है और मैं अपने फैसले खुद लूंगी। गोविंदा मेरे पति हैं। अगर उनके 10 जगह भी अफेयर हों, तब भी मैं उन्हें नहीं छोड़ूंगी। मैं उनसे अपनी आखिरी सांस तक प्यार करूंगी।”
शिल्पा शिंदे से हुई तीखी बहस
शो में वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के रूप में शामिल हुईं अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने सुनीता के पुराने बयानों का जिक्र किया, जिसके बाद दोनों के बीच बहस छिड़ गई। इस दौरान सुनीता ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को बिना उसकी परिस्थितियों को समझे उस पर टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “जब ऐसी परिस्थितियां आपके जीवन में आएंगी, तब आपको समझ आएगा कि मैं किन हालात से गुजरी हूं। यह मेरी जिंदगी है और मैं वही करूंगी जो मुझे सही लगेगा।”
‘मेरे परिवार पर बात मत करो’
बाद में सुनीता ने शो के एक अन्य कंटेस्टेंट राम कपूर से बातचीत के दौरान भी अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि शिल्पा उन्हें लगातार उकसा रही हैं और उनके परिवार को बीच में नहीं लाना चाहिए।
गुस्से में उन्होंने कहा, “वह मेरा पति है। अगर उसके 50 अफेयर भी हों, तो उससे किसी और का क्या लेना-देना? मैं उसकी पत्नी हूं और हमारे रिश्ते पर टिप्पणी करने का अधिकार किसी को नहीं है।”
‘लॉक अप 2’ के बारे में
‘लॉक अप’ का पहला सीजन 2022 में प्रसारित हुआ था, जिसे कंगना रनौत ने होस्ट किया था, जबकि करण कुंद्रा जेलर की भूमिका में नजर आए थे। इस सीजन के विजेता मुनव्वर फारुकी बने थे।
दूसरा सीजन छह सप्ताह का है, जिसमें 14 कंटेस्टेंट और दो जेलर शामिल हैं। शो के नियमों के अनुसार, प्रतिभागियों को भोजन और अन्य बुनियादी सुविधाएं हासिल करने के लिए अलग-अलग टास्क जीतकर गेम की करेंसी अर्जित करनी होती है।

