जनवाणी संवाददाता |
मेरठ:टीपी नगर क्षेत्र के वार्ड 11 शिवपुरम में पिछले 11 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से लगभग 500 घरों में अंधेरा पसरा हुआ है। बिजली न होने के कारण क्षेत्र में पानी की सप्लाई भी बाधित है। बार-बार शिकायत के बाद भी कोई समाधान न होने पर शनिवार को पार्षद नरेश कुमार कश्यप के नेतृत्व में क्षेत्रीय जनता ने अधिशासी अभियंता का घेराव किया।
प्रतिदिन झूठा आश्वासन मिलता रहा
पार्षद नरेश कुमार कश्यप ने बताया कि समस्या को लेकर रामलीला ग्राउंड स्थित सहायक अभियंता, अधिशासी अभियंता कार्यालय के चक्कर लगाए गए। प्रतिदिन झूठा आश्वासन मिलता रहा। कभी कहा गया सुबह ठीक कर देंगे, कभी शाम तक और कभी रात तक का समय दिया गया लेकिन 11 दिन बीत जाने के बाद भी न तो कोई लाइनमैन मौके पर पहुंचा और न ही कोई उच्च अधिकारी।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली और पानी दोनों न मिलने से जनता बेहाल है। लगता है कि सरकार को बदनाम करने की साजिश के तहत जानबूझकर आपूर्ति बाधित की जा रही है।
आक्रोशित लोगों ने अधिशासी अभियंता धर्मवीर सिंह का घेराव कर उन्हें समस्या से अवगत कराया। घेराव के बाद XEN ने आज शाम 6 बजे तक समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है। वहीं, अब देखना यह होगा कि विभाग कब तक बिजली बहाल करता है।

