जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: भगवान शिव की आराधना का पवित्र मास सावन इस वर्ष 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक रहेगा। प्रसिद्ध धर्मगुरु पंडित मोहित शर्मा बाबा ने बताया कि सावन का प्रत्येक दिन शिव उपासना के लिए शुभ माना जाता है, जबकि सोमवार का विशेष महत्व है। इस वर्ष सावन के चार सोमवार 3, 10, 17 और 24 अगस्त को पड़ेंगे। इन दिनों शिवालयों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, मंत्र जाप और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
पंडित मोहित शर्मा बाबा ने बताया कि श्रद्धालु प्रातः स्नान कर शिवलिंग पर गंगाजल या शुद्ध जल से अभिषेक करें तथा बेलपत्र, धतूरा, आक के पुष्प और सफेद फूल अर्पित करें। “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का 108 बार जप, महामृत्युंजय मंत्र, शिव चालीसा और रुद्राष्टक का पाठ विशेष फलदायी माना गया है। उन्होंने कहा कि सावन शिवरात्रि 11 अगस्त को मनाई जाएगी, जबकि पूरे माह कांवड़ यात्रा और विभिन्न धार्मिक आयोजन शिवभक्ति का वातावरण बनाए रखेंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से सात्विक जीवन, संयम, सेवा और सच्ची श्रद्धा के साथ भगवान शिव की आराधना करने का आह्वान किया।
अधिक जानकारी के लिए पढ़िए दैनिक जनवाणी।

