जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: द्रमुक नेता और तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन को अभिनेत्री तृषा कृष्णन पर कथित विवादित टिप्पणी के मामले में पुलिस ने हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) की ओर से पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद की गई।
टीवीके की तंजावुर केंद्रीय जिला महिला विंग की संयोजक एस. बैरवी ने तंजावुर पूर्व पुलिस थाने में उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। साथ ही पार्टी ने राष्ट्रीय महिला आयोग से भी मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हिरासत से पहले आवास पर बढ़ाई गई सुरक्षा
उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में लेने से पहले उनके आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। दरअसल, टीवीके कार्यकर्ताओं ने उनकी कथित टिप्पणी के विरोध में आवास का घेराव करने का एलान किया था। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने पहले ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।
कावेरी रैली के बयान पर मचा विवाद
विवाद की शुरुआत तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक रैली से हुई। रैली के दौरान उदयनिधि स्टालिन मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की आलोचना कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ से अभिनेत्री तृषा का नाम लेकर नारे लगाए गए।
वायरल वीडियो के मुताबिक, उदयनिधि ने कहा कि कावेरी का एक बूंद पानी भी नहीं मिला, लेकिन मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहा और केवल द्रमुक के खिलाफ कथित झूठे मामले दर्ज कराने में व्यस्त हैं। इसके बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए एक टिप्पणी की, जिसे सोशल मीडिया पर अभिनेत्री तृषा और मुख्यमंत्री विजय को लेकर लंबे समय से चल रही अटकलों से जोड़कर देखा गया। इसी बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
टीवीके ने बताया आपत्तिजनक
टीवीके विधायक रेवंत चरण ने उदयनिधि की टिप्पणी को पूरी तरह आपत्तिजनक और अस्वीकार्य बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक राजनीतिक संवाद का स्तर लगातार गिरा रही है और जानबूझकर उकसावे वाली राजनीति कर रही है।
रेवंत चरण ने यह भी दावा किया कि कावेरी मुद्दे पर द्रमुक के विरोध प्रदर्शन को अपेक्षित जनसमर्थन नहीं मिला, इसलिए पार्टी सोशल मीडिया पर ध्यान आकर्षित करने के लिए ऐसे विवादित बयानों का सहारा ले रही है। उन्होंने कहा कि द्रमुक का यह रवैया उसकी जनस्वीकृति को और नुकसान पहुंचाएगा।
भाजपा ने भी साधा निशाना
तमिलनाडु भाजपा ने भी उदयनिधि स्टालिन के बयान की कड़ी आलोचना की है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने इसे घृणित, अश्लील और शर्मनाक करार देते हुए उदयनिधि की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन की चुप्पी पर भी सवाल उठाए और कहा कि इस मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

