नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल के साथ डीपफेक और फर्जी डिजिटल कंटेंट के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। इस तकनीक के जरिए लोगों, खासकर फिल्मी हस्तियों की पहचान और छवि का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी मुद्दे पर अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने कड़ा रुख अपनाते हुए डीपफेक कंटेंट बनाने और साझा करने वालों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
इंस्टाग्राम पर जारी किया सख्त संदेश
मृणाल ठाकुर ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उनकी तस्वीर, चेहरा या पहचान का इस्तेमाल कर डीपफेक कंटेंट बनाना या उसे प्रसारित करना गैर-कानूनी और पूरी तरह अस्वीकार्य है।
उन्होंने लिखा, मेरी शक्ल का इस्तेमाल करके डीपफेक कंटेंट बनाना या शेयर करना गैर-कानूनी और अस्वीकार्य है। इसे तुरंत रोकने के लिए मेरी तरफ से औपचारिक नोटिस समझें। मेरी पहचान का आगे कोई भी गलत इस्तेमाल हुआ तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कई सितारे भी उठा चुके हैं आवाज
मृणाल ठाकुर उन भारतीय कलाकारों में शामिल हो गई हैं जिन्होंने एआई के दुरुपयोग और डीपफेक के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई है। पिछले कुछ समय में कई अभिनेता और अभिनेत्रियां अपनी पहचान, छवि और पर्सनैलिटी राइट्स की सुरक्षा के लिए अदालत का रुख कर चुके हैं।
इस सूची में अक्षय कुमार, वरुण धवन, अनिल कपूर, शिल्पा शेट्टी, प्रीति जिंटा, कार्तिक आर्यन और सुनील शेट्टी समेत कई बड़े नाम शामिल हैं, जिन्होंने एआई के गलत इस्तेमाल पर चिंता जताई है।
वर्कफ्रंट पर व्यस्त हैं मृणाल
वर्कफ्रंट की बात करें तो मृणाल ठाकुर हाल ही में ‘डकैत’ और ‘है जवानी तो इश्क होना है’ जैसी फिल्मों में नजर आई थीं। फिलहाल वह निर्देशक एटली कुमार की बहुप्रतीक्षित एक्शन-ड्रामा फिल्म ‘राका’ पर काम कर रही हैं। इस फिल्म में अल्लू अर्जुन, दीपिका पादुकोण और रश्मिका मंदाना भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को दिसंबर 2027 में रिलीज करने की योजना है, हालांकि निर्माताओं की ओर से अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

