जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: बड़गांव थाना पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ के बाद दो गौकशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में आमिर पुत्र खालिक निवासी पांडौली, थाना नागल के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए सीएचसी नानौता भेजा गया। उसका साथी आरिफ पुत्र सगीर निवासी मिर्जापुर, बड़गांव जंगल की ओर भाग गया, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
क्षेत्राधिकारी देवबंद अमित सिंह ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, चार जिंदा व दो खोखा कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और गोकशी के उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार 16 अगस्त को गोवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।
सोमवार को बड़गांव-नानौता मार्ग पर मौरा जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान दोनों ने पुलिस पर फायरिंग की। पीछा करने पर बाइक फिसल गई और आरोपियों ने दोबारा गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में आमिर घायल हुआ। आरिफ जंगल भाग गया, जिसे बाद में पकड़ लिया गया। आमिर पर गोवध, गैंगस्टर, शस्त्र व आबकारी अधिनियम के करीब आधा दर्जन मुकदमे हैं, जबकि आरिफ पर गोवध, गैंगस्टर और चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।

