- अंबेहटा में अस्पताल के निकट तड़के हुआ हादसा
जनवाणी संवाददाता |
अंबेहटा: सरकारी अस्पताल के निकट रोडवेज बस और मैजिक की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई और चार सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
सोमवार की सुबह रोेडवेज की बस गंगोह से सवारियां लेकर सहारनपुर जा रही थी। वहीं सवारियों से भरा एक मैजिक नकुड़ की ओर से गंगोह जा रहा था। जैसे ही दोनों वाहन अंबेहटा के सरकारी अस्पताल के निकट पहुंचे तो दोनों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
राहगीरों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के आपस में भिड़ने व लोगों के रोने की आवाजें दूर-दूर तक सुनाई दीं। मौके पर पहुंचे लोगों ने मैजिक में फसे लोगों को खिड़की तोड़ कर बाहर निकाला।
मैजिक का चालक टूटी मैजिक में इतनी बुरी तरह से फंसा हुआ था कि मैजिक के आगे के हिस्से को काट कर बाहर निकालना पड़ा। टक्कर के बाद रोजवेड का चालक व परिचालक बस में भरी सवारियों को रोते-बिलखते छोड़ कर फरार हो गये। इसके बाद सवारियों में रोष पनप गया।
मौके पर मय फोर्स के पहुंचे चौकी प्रभारी अंबेहटा जय सिंह भाटी ने पांचों घायल लोगों को नकुड़ के सामुदायिक केंद्र भिजवाया जहां नकुड़ निवासी मैजिक चालक मुमताज पुत्र करीमुद्दीन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चार लोगों को जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां अमन सैनी पुत्र प्रीतम सैनी निवासी लड्डेबांस थाना नकुड़ की उपचार के दौरान मौत हो गई।
वहीं 17 वर्षिय आर्यन पुत्र बाबी व बबिता पत्नी जितेन्द्र निवासी गावं बड़वा गांव शामली व 27आशीष पुत्र यतीन्द्र निवासी समसपुर कला को उपचार के बाद छुटटी दे दी गई है। चौकी प्रभारी जय सिंह भाटी ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम कराया जा रहा हैं। वहीं डग्गामार वाहनों के खिलाफ जल्द अभियान चलाया जाएगा।

