जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर आज रात 9 बजे से कल तक 57 मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद करने का प्रस्ताव दिया है। इस संबंध में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। हालांकि, इस प्रस्ताव पर डीएमआरसी की अंतिम मंजूरी का इंतजार है।
पुलिस के प्रस्ताव के अनुसार, संबंधित स्टेशनों पर यात्रियों को प्रवेश और निकास की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, यात्री इंटरचेंज सुविधा का इस्तेमाल कर एक मेट्रो लाइन से दूसरी लाइन पर जा सकेंगे। यानी इन स्टेशनों पर ट्रेन बदलने की सुविधा उपलब्ध रहेगी, लेकिन स्टेशन के बाहर निकलने या अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर अनुमति नहीं
वहीं, सीजेपी ने दिल्ली पुलिस को प्रदर्शन की जानकारी देते हुए औपचारिक पत्र सौंपा है। हालांकि, पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। पुलिस के मुताबिक, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है। इसके बावजूद सीजेपी ने स्पष्ट किया है कि अनुमति नहीं मिलने के बाद भी 10 अक्तूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस प्रदर्शन में यूट्यूबर ध्रुव राठी के भी शामिल होने की बात कही गई है।
बंगलूरू में भी हुआ प्रदर्शन
दिल्ली में 10 अक्तूबर को होने वाले प्रदर्शन से पहले सीजेपी ने बृहस्पतिवार को बंगलूरू में भी विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची में किए जा रहे बदलावों और चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां जाहिर कीं।

