जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके की दादी का महाराष्ट्र स्थित उनके पैतृक गांव संतुक पिंपरी में निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं। दादी के निधन के समय अभिजीत दीपके दिल्ली में पुलिस हिरासत में हैं। ऐसे में उनके गांव पहुंचने और अंतिम संस्कार में शामिल होने को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
प्रदर्शन में शामिल होने दिल्ली पहुंचे थे दीपके
जानकारी के मुताबिक, अभिजीत दीपके मुंबई से दिल्ली में प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना हुए थे। इस प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जानी थी। हालांकि, दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
कई दिनों से बीमार थीं दादी
बताया जा रहा है कि अभिजीत दीपके की दादी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थीं। उन्होंने अपने पैतृक गांव संतुक पिंपरी में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार में शोक का माहौल है। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटे हैं। वहीं, अभिजीत दीपके के माता-पिता के हिंगोली जाने की तैयारी करने की जानकारी सामने आई है।
हिरासत से रिहाई का इंतजार
दादी के निधन के बाद परिवार और समर्थकों की नजर अब अभिजीत दीपके की रिहाई पर है। परिजनों को उम्मीद है कि वह जल्द अपने गांव पहुंच सकेंगे। हालांकि, दिल्ली पुलिस उन्हें कब रिहा करेगी और उन्हें गांव जाने की अनुमति कब मिलेगी, इस बारे में फिलहाल कोई पुष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
एक तरफ परिवार दादी के अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा है, तो दूसरी तरफ अभिजीत दीपके की हिरासत को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है।

