- एटीएम खाने पर की थी कस्टमर केयर में शिकायत
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: साइबर अपराधियों ने लद्दाख में तैनात एक सैनिक का ओटीपी पूछकर बैंक खाते से छह लाख रुपये साफ कर दिए। पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की जिसके बाद साइबर सेल को जांच सौंपी गई है। शामली जनपद के एक गांव निवासी राहुल भारतीय सेना में जवान है और फिलहाल उसकी तैनाती लद्दाख में है। राहुल फिलहाल अवकाश पर अपने घर आया हुआ है।
राहुल ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 28 दिसंबर 2020 को उसका एटीएम कार्ड कहीं गुम हो गया जिसकी सूचना उसने बैंक के कस्टमर केयर पर की थी। एक जनवरी को राहुल के मोबाइल पर फोन आया और उसने अपने आपको बैंक के कस्टमर केयर अधिकारी बताते हुए पूछा क्या आपने एटीएम खोने की सूचना केयर पर दी है जिस पर राहुल ने कहा कि हां की थी।
इस पर उक्त फोन करने वाले उसे बताया कि अभी उसके फोन पर ओटीपी आएगा, वह उसे बताना सब कुछ ठीक हो जाएगा। थोड़ी देर बाद ठग ने उससे ओटीपी पूछा और कहा, जल्द सब कुछ ठीक हो जाएगा। एक जनवरी की रात्रि में ठगों ने उसके बैंक खाते से करीब छह लाख रुपये उड़ा लिए, जिसका पता चलने पर उसके पैरों तले की जमीन खिसक गई। सोमवार को पीड़ित सैनिक राहुल ने पुलिस अधीक्षक को घटना की जानकारी देते हुए न्याय की गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दी है।

