जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को टांडा के मंसब अली स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जनसभा में भाजपा, आरएसएस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राज्यसभा सीटों के बंटवारे, मुस्लिमों की राजनीतिक हिस्सेदारी और बेरोजगारी जैसे मुद्दे उठाते हुए विपक्षी दलों की नीतियों पर सवाल खड़े किए। वहीं, सपा नेता आजम खां, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम और मौलाना तौकीर रजा की रिहाई की मांग भी उठाई।
ओवैसी ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए राज्यसभा सीटों के बंटवारे का मुद्दा उठाया। उन्होंने उद्योगपति नाथवानी को सपा की ओर से राज्यसभा का टिकट दिए जाने पर सवाल खड़े किए और पार्टी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने अखिलेश यादव को विदेश से तीन लाख रुपये की चॉकलेट दिए जाने का जिक्र करते हुए सवाल किया कि मुस्लिम समाज के हिस्से में क्या आता है।
आजम खां के प्रति नरम दिखे ओवैसी
जनसभा के दौरान ओवैसी ने सपा नेता आजम खां के प्रति नरम रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि वह अल्लाह से दुआ करते हैं कि आजम खां की सभी तकलीफें और मुश्किलें दूर हों। इसके साथ ही उन्होंने आजम खां, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम और मौलाना तौकीर रजा की रिहाई की मांग उठाई। ओवैसी ने अदालत से अपील की कि तीनों को जल्द रिहा किया जाए।
भाजपा और आरएसएस पर भी साधा निशाना
ओवैसी ने भाजपा और आरएसएस पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि आरएसएस देश को हिंदू राष्ट्र बनाना चाहता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि देश बड़ा है, मोदी नहीं। उन्होंने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की जरूरत बताई।
उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और रास्ते पर चलने की बात करती है। हैदराबाद में सीवरेज और मेट्रो परियोजनाओं का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि मंत्री पद पर रहे बिना भी विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकता है।
2027 के चुनाव को लेकर जताया भरोसा
रामपुर की सियासी स्थिति और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी की पूरी तैयारी है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी यहां अच्छा प्रदर्शन करेगी और उसे सभी समाज के लोगों का समर्थन मिलेगा। साथ ही उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए प्रत्येक बूथ पर पांच समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम बनाने का आह्वान किया।
इससे पहले रामपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ओवैसी ने पश्चिम बंगाल के एक पूजा पंडाल में हुई दुर्घटना को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने हादसे के लिए सरकार की विफलता को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं पर चुप नहीं बैठा जा सकता।
ओवैसी को देखने के लिए उमड़ी भीड़, पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
मंसब अली स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित जनसभा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। ओवैसी के पहुंचने से पहले बम निरोधक दस्ते ने मंच और सभा स्थल की जांच की। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और सुरक्षा बल तैनात रहे।
जनसभा में ओवैसी को देखने और सुनने के लिए समर्थकों की भीड़ उमड़ी। कई समर्थक उनके करीब पहुंचने की कोशिश करते नजर आए, जिसके चलते भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।
प्रदेश और जिला संगठन के पदाधिकारी रहे मौजूद
जनसभा में एआईएमआईएम के प्रदेश और जिला संगठन के कई पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। इनमें प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, पश्चिमी प्रदेश अध्यक्ष महताब चौहान, प्रदेश मुख्य महासचिव एडवोकेट शमीम अहमद, राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान, युवा प्रदेश अध्यक्ष एहतेशाम मंसूरी, प्रदेश महासचिव शहजाद खान और नदीम कुरैशी समेत अन्य नेता शामिल रहे।
इसके अलावा मुजीब खान, प्रदेश सचिव नाजिम अकबर खान, जकी राइनी, वकी रशीद, जुल्फीकार, जिलाध्यक्ष फरीदुज्जफर रहमानी और जिला महासचिव हाजी फुरकान अली सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

