जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: गुजरात के अहमदाबाद में एक ऑफिस में लगी आग से बचने की कोशिश में दूसरी मंजिल की खिड़की से कूदने के कारण 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को घटना की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 9:30 बजे थलतेज इलाके में स्थित चार मंजिला मैग्नेट कॉर्पोरेट पार्क की दूसरी मंजिल पर बने एक ऑफिस में आग लग गई। आग धीरे-धीरे पहली मंजिल तक फैल गई। घटना के समय बिल्डिंग के ज्यादातर ऑफिस बंद थे।
एक की मौत, दूसरा घायल
बोडकदेव पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर संदीप खंभाला ने बताया कि मृतक की पहचान 23 वर्षीय रचित पटेल के रूप में हुई है, जो राजकोट का रहने वाला था। आग से बचने के लिए वह दूसरी मंजिल से कूद गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। वहीं, घबराहट में कूदने वाला एक अन्य युवक घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।
दमकलकर्मियों ने छह लोगों को बचाया
अतिरिक्त मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार, दमकलकर्मियों ने सीढ़ी की मदद से ऑफिस में काम कर रहे छह अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ कर्मचारी खुद भी सुरक्षित स्थान पर पहुंचने में सफल रहे। हालांकि, आग से उठे धुएं के कारण कुछ लोग प्रभावित हुए।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
अधिकारियों को आशंका है कि ऑफिस में आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आग की चपेट में आने से ऑफिस का सामान और फर्नीचर जलकर खराब हो गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
पुलिस ने मामले में दुर्घटनावश मौत का केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आग लगने के कारणों और पूरी घटना की जांच की जा रही है।

