जनवाणी ब्यूरो |
देहरादून: राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने गुरुवार सुबह 11.40 बजे राजभवन देहरादून में उत्तराखंड के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधिपति जस्टिस आरएस चौहान को पद की शपथ दिलायी। मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने भारत के मा. राष्ट्रपति द्वारा जारी मुख्य न्यायाधिपति जस्टिस चौहान की स्थानांतरण की अधिसूचना पढ़ी। कार्यक्रम लगभग 5 मिनट चला। कार्यक्रम के उपरांत अतिथियों के लिए सूक्ष्म स्वल्पाहार का आयोजन भी था।
इस अवसर पर मुख्य रूप से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय, कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, सहकारिता राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, मेयर सुनील उनियाल गामा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक हरवंश कपूर, मुख्य सचिव ओम प्रकाश, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी अशोक कुमार, सचिव राज्यपाल बृजेश संत, हाईकोर्ट नैनीताल के रजिस्ट्रार जनरल धनंजय चतुर्वेदी, विधि परामर्शी राज्यपाल कहकशाँ खान, अपर सचिव राज्यपाल जितेंद्र कुमार सोनकर सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। जानकारी के लिए बता दें कि जस्टिस आरएस चौहान इससे पहले तेलंगाना हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश थे। 31 दिसंबर को केंद्र सरकार ने उनके उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनाने की अधिसूचना जारी की थी।
उत्तराखंड हाईकोर्ट में बतौर कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश नियुक्त जस्टिस रवि आर मलिमथ को हिमाचल हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। 24 दिसंबर 1959 को जन्में जस्टिस आरएस चौहान ने अपनी अधिवक्ता की पारी राजस्थान हाईकोर्ट से शुरू की थी।
वे क्रिमनल एवं सर्विस मामलों के विशेषज्ञ माने जाते हैं। राजभवन से बताया गया कि कोरोना संक्रमण के कारण सामाजिक दूरी के नियम के कारण स्थानाभाव है और इस वजह से समारोह सादगी से आयोजित किया गया है।
उत्तराखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुधांशु धूलिया गुवाहाटी हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बनाए गए हैं। न्यायमूर्ति धूलिया नैनीताल हाईकोर्ट से उत्तराखंड मूल के चीफ जस्टिस बनने वाले तीसरे न्यायाधीश हैं। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के जज रहे न्यायमूर्ति पीसी पंत और न्यायमूर्ति वीके बिष्ट भी चीफ जस्टिस बन चुके हैं।

