- आधा दर्जन घायलों को सीएचसी में कराया भर्ती
जनवाणी संवाददाता |
नगीना: रोडवेज बस द्वारा सड़क किनारे खड़ी ई-रिक्शा में टक्कर मारने से अनियंत्रित हुई बस ने कार में भी टक्कर मार दी। जिससे ई-रिक्शा व कार चालक सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

शुक्रवार की दोपहर बिजनौर से तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने मंडी समिति गेट के पास खड़ी ई रिक्शा में टक्कर मार दी। जिससे बस अनियंत्रित हो गई और आगे जा रही कार में भी बस ने टक्कर मार दी। बस की टक्कर लगने से ई-रिक्शा में बैठे कोमल सिंह 40 वर्ष, राधिका 14 वर्ष, शिक्षा 12 वर्ष, विवेक 8 वर्ष, कोमल की पत्नी सरोज 38 वर्ष, अमेरिका 15 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चला रहे राजेश्वर गोयल निवासी कोटद्वार भी घायल हो गए और कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

मौके पर इकट्ठे हुए राहगीरों ने उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस व कार को अपने कब्जे में ले लिया। रोडवेज बस चालक व परिचालक बस को रोडवेज स्टैंड पर छोड़कर फरार हो गए। एसआई लोकेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है तथा तहरीर मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक कोई तहरीर नही आई थी।

